प्रयागराज में कोचिंग संस्थानों में चला मतदाता पंजीकरण अभियान:18 साल के युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए किया जागरूक
प्रयागराज में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वीप (SVEEP) के तहत जनपद के कई कोचिंग संस्थानों में नवीन मतदाता पंजीकरण एवं स्वगणना महाअभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए जागरूक किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल हर्षिका सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय के निर्देशन में चलाए गए अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे विद्यार्थियों को चिह्नित कर फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया, जिनका अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है। विद्यार्थियों को स्वगणना और मतदाता जागरूकता से जुड़ी प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अभियान के तहत दृष्टि IAS, Study IQ, PW Only IAS, Sanskrit IAS और iNext IAS समेत जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण कराने में सहयोग करने और अभियान की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज केसरी, जीआईसी प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह, स्वीप सदस्य क्षितीश कुमार तिवारी, इरशाद अहमद और मुकेश सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। अभियान के जरिए युवाओं को जागरूक मतदाता बनकर लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)