आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल गांधी को राहत:CBI-ED को जांच का निर्देश देने वाला इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश रद्द, सुप्रीम कोर्ट का फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को राहुल गांधी से जुड़े कथित आय से अधिक संपत्ति (DA) मामले में अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का वह आदेश रद्द कर दिया, जिसमें CBI और ED को आरोपों की पुष्टि करने का निर्देश दिया गया था। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले को दोबारा विचार के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया। हाईकोर्ट अब याचिका की सुनवाई योग्य होने के सवाल पर भी नए सिरे से विचार करेगा। यह याचिका भाजपा नेता विग्नेश शिशिर ने दाखिल की थी। उन्होंने राहुल गांधी पर आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप लगाए थे। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट को इस मामले में आगे की सुनवाई नहीं करने को कहा था। शीर्ष अदालत ने CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी हाईकोर्ट के निर्देशों के आधार पर कोई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने का आदेश दिया था। राहुल गांधी ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में CBI की ओर से दाखिल हलफनामे को अपने पहले के आदेश के अनुरूप नहीं माना था। कोर्ट ने कहा था कि हलफनामे में राहुल गांधी की संपत्ति को लेकर शिकायत पर हुई कार्रवाई की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है। इसके बाद हाईकोर्ट ने CBI के एंटी करप्शन डिवीजन के संयुक्त निदेशक या संबंधित जोन के प्रमुख को नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। इसमें मामले में अब तक हुई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा देने को कहा गया था। याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर ने इससे पहले राहुल गांधी पर दोहरी नागरिकता रखने का आरोप लगाते हुए भी याचिकाएं दाखिल की थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)