संभल में विक्रम हत्याकांड में साले-ससुर-साडू सहित चार नामजद:अज्ञात पर भी रिपोर्ट, हत्याकांड का कल खुलासा होने की संभावना, मृतक ने दो साल पहले साले की सुपारी देकर हत्या कराई थी
संभल में कोर्ट से लौट रहे विक्रम चौधरी (35) की मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार को मृतक के भाई विग्नेश चौधरी की शिकायत पर साले, ससुर, साढ़ू समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक अज्ञात आरोपी को भी रिपोर्ट में शामिल किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर काशी और फरीदपुर खास गांवों के बीच हुई। विक्रम, विजेंद्र सिंह के बेटे थे और संभल तहसील के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के भारतल मदापुर गांव के रहने वाले थे। बनियाठेर थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने गुरुवार शाम 5 बजे बताया कि अंकुश पुत्र विजय सिंह, निवासी नरौली; गजराम, निवासी मढ़वा; साढ़ू अंकुल पुत्र खेम सिंह, निवासी सद्दीनगर गांव, थाना सैफनी, रामपुर; और आदर्श पुत्र मनोज, निवासी फरीदपुर, थाना बनियाठेर, संभल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2)(क) और 3(5) के तहत दर्ज हुआ है। कोर्ट में पेशी से लौटते वक्त गोली मारी विक्रम 3 नवंबर को कोर्ट में तारीख पर गए थे। लौटते समय शाम 4 से 5 बजे के बीच उन्हें गोली मारी गई। इनपुट के मुताबिक, विक्रम हाल ही में अपने साले की हत्या के मामले में जेल से छूटकर आए थे। आरोप है कि उन्होंने दो साल पहले डेढ़ लाख की सुपारी देकर बिजनौर के एक गैंगस्टर से साले की हत्या कराई थी। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। एसओजी की टीम भी जांच में लगी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले का खुलासा कल हो सकता है। अब विस्तार से जानिए मृतक युवक के घटनाक्रम को.... मृतक बहनोई विक्रम ने अपमान का बदला लेने के लिए अपने दो सालों की हत्या की सुपारी डेढ़ लाख रुपए में दी थी। बीती 03 दिसंबर 2024 की रात 08:45 बजे ग्राहक बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर टीटू चौधरी निवासी मौहल्ला मकूपुरा, नगर पंचायत नरौली, थाना बनियाठेर, तहसील चंदौसी की हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में विक्रम का नाम सामने आने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। विक्रम ने बताया था कि 9 साल पहले उसकी साथी सविता के साथ हुई थी। पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार उसकी प्रति अच्छा नहीं था। 27 नवंबर 2024 को पत्नी से विवाद होने के बाद छोटा साला अंकुश फोन करने पर आ गया और उसने मारपीट की। गांव के सामने अपमानित किया था। ससुरालियों को सबक सिखाने के लिए हत्या करने की प्लानिंग की थी। मृतक के दोस्त बाइक मिस्त्री लवी और नदीम ने उसकी मुलाकात तहसील संभल के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के मंडावली के रहने वाले बिजनौर के गैंगस्टर फैजान अली से कराई, उसने 03 दिसंबर टीटू को गोली मार दी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)