मेरठ में बस में चढ़ रहे छात्र का मोबाइल चोरी:दो लड़कियों को दौड़ाकर पकड़ा; सड़क पर किया हंगामा
मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र में गुरुवार शाम बेगमपुल पर बस में चढ़ रहे एक छात्र की जेब से भीख मांगने वाली दो लड़कियों ने मोबाइल फोन चोरी कर लिया। मोबाइल गायब होने का एहसास होते ही छात्र बस से कूद पड़ा और भाग रही दोनों लड़कियों का पीछा कर उन्हें दबोच लिया। इसके बाद बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। पकड़े जाने पर दोनों लड़कियां खुद को निर्दोष बताने लगीं। पुलिस चौकी ले जाने के दौरान एक लड़की सड़क पर लेट गई और बेहोशी का नाटक किया। काफी मशक्कत के बाद छात्र दोनों को आबूलेन चौकी लेकर पहुंचा। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चोरी हुआ मोबाइल अभी बरामद नहीं हुआ है। खतौली निवासी अतीकुर्रहमान स्टूडेंट हैं। गुरुवार को वह अपनी मां की दवा लेने के लिए मेरठ आए थे। दवा खरीदने के बाद वह वापस खतौली जाने के लिए बेगमपुल पहुंच गए। यहां बस में चढ़ते समय अचानक उन्हें अपनी जेब से मोबाइल गायब होने का एहसास हुआ। उन्होंने पलटकर देखा तो भीख मांगने वाली दो लड़कियां तेजी से भागती नजर आईं। अतीकुर्रहमान को शक हुआ कि दोनों ने ही उनकी जेब से मोबाइल निकाला है। बस से कूदकर दोनों को दबोचा
मोबाइल चोरी होने का पता चलते ही अतीकुर्रहमान ने बस से छलांग लगा दी। इसके बाद भाग रही दोनों लड़कियों के पीछे दौड़ पड़े। कुछ दूर पीछा करने के बाद उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। सड़क पर लड़कियों को पकड़ने के दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई। छात्र दोनों को पुलिस चौकी ले जाने लगा तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
एक लड़की अचानक सड़क पर लेट गई और बेहोश होने का नाटक करने लगी। इस दौरान दोनों लड़कियां खुद को निर्दोष बताती रहीं। भीड़ बढ़ने के कारण मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पहले कुबूला, फिर कहानी बदल दी
अतीकुर्रहमान दोनों लड़कियों को किसी तरह आबूलेन पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने चौकी इंचार्ज अभिलाष कुमार को पूरी घटना बताई। छात्र ने बताया कि उसका सैमसंग गैलेक्सी एफ36 मोबाइल चोरी हुआ है। आरोप है कि शुरुआत में दोनों लड़कियां मोबाइल अपनी तीसरी साथी के पास होने की बात स्वीकार कर रही थीं। छात्र का कहना था कि यदि दोनों अपनी तीसरी साथी को बुला दें तो मोबाइल बरामद हो सकता है। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों अपने बयान से पलट गईं। उन्होंने मोबाइल चोरी करने से इनकार करते हुए कहा कि एक युवक मोबाइल लेकर भागा है। रजबन पुलिस कर रही मामले की जांच
चौकी इंचार्ज अभिलाष कुमार ने दोनों लड़कियों से मोबाइल के संबंध में पूछताछ की लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। पुलिस ने मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू की तो पता चला कि घटनास्थल आबूलेन चौकी के बजाय रजबन चौकी क्षेत्र में आता है। इसके बाद मामला संबंधित पुलिस चौकी के क्षेत्राधिकार से जुड़ गया। फिलहाल दोनों लड़कियां पुलिस हिरासत में हैं और चोरी हुए मोबाइल की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में उनकी तीसरी साथी की कोई भूमिका है या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)