छापेमारी में 20 किलो सड़ी-गली मिठाइयां नष्ट:दीवाली से पहले FSDA का एक्शन, 6 दुकानों पर शिकंजा, 4 नमूने लैब भेजे
हरदोई में त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने कार्रवाई की। बृहस्पतिवार शाम 6:20 बजे रेलवेगंज स्थित ओम स्वीट्स से 20 किलो सड़ी-गली और दूषित मिठाइयां बरामद की गईं। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। अभियान के दौरान जिले के 6 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और खाद्य पदार्थों के 4 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। मल्लावां में नमकीन इकाइयों में मिली गंदगी मल्लावां क्षेत्र में धनंजय सिंह और राजेश कुमार की नमकीन बनाने वाली इकाइयों की जांच की गई। धनंजय सिंह की इकाई में तय सीमा से अधिक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल कर नमकीन बनाई जा रही थी। मौके पर गंदगी भी मिली। टीम ने नमकीन और बेसन के नमूने लेकर सुधार के लिए नोटिस जारी किया। वहीं, राजेश कुमार की इकाई में भी गंदगी और दूषित परिस्थितियों में नमकीन का निर्माण होता मिला। टीम ने नमूना लेकर संचालक को सुधार नोटिस दिया। मिष्ठान भंडारों की भी जांच नुमाइश चौराहा स्थित गौरव मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। नघेटा रोड स्थित बाबा सम्मी स्वीट शॉप का निरीक्षण कर संचालक को साफ-सफाई रखने और खाद्य उत्पादों पर 'यूज बाय डेट' का पालन करने के निर्देश दिए गए। रेलवेगंज स्थित भोला स्वीट्स की जांच के दौरान दुकानदारों को रंगीन मिठाइयों में निर्धारित मात्रा से अधिक कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई। मिलावटखोरों को कार्रवाई की चेतावनी सहायक आयुक्त (खाद्य) कुमार गुंजन ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)