किसान आत्महत्या प्रकरण, डीएम ने बनाई आठ सदस्यीय जांच कमेटी:डीएम बोले- होगा दूध का दूध और पानी का पानी, किसान को मिलेगा इंसाफ
बरेली के बहेड़ी तहसील के पचपेड़ा गांव निवासी किसान सरदार भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। डीएम ने स्पष्ट कहा है कि पुराने राजस्व रिकॉर्ड खंगालकर मामले का सच सामने लाया जाएगा और पीड़ित पक्ष को पूरा न्याय दिलाया जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि चूंकि यह जमीन से जुड़ा काफी पुराना विवाद है, इसलिए दोनों पक्षों के दस्तावेज और पुराने रेवेन्यू रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड कभी खत्म नहीं होते, इसलिए रिकॉर्ड रूम से सभी पुरानी फाइलें निकलवाई जा रही हैं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। जांच कमेटी में ये अधिकारी शामिल
गठित की गई 8 सदस्यीय कमेटी में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह को अध्यक्ष और एसपी ग्रामीण उत्तरी को सह-अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा एसडीएम बहेड़ी को कमेटी का सचिव नामित किया गया है। टीम में सीओ एलआईयू, सीओ बहेड़ी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (एसओसी), तहसीलदार बहेड़ी और तहसीलदार न्यायिक मीरगंज को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। कमेटी ने अपना काम शुरू कर दिया है। क्या था पूरा मामला
बहेड़ी के पचपेड़ा निवासी किसान सरदार भगवान सिंह ने 21 नवंबर को गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। किसान ने जान देने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें बहेड़ी के नायब तहसीलदार और सीओ पर उत्पीड़न व फसल पर बुलडोजर चलाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस मामले में तीन दिन बाद प्रोफेसर केपी सिंह, उनकी पत्नी संजेश समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)