कल्याणपुर में युवक ने फंदा लगाकर जान दी:होम लोन की किस्तों और पॉक्सो केस की तारीखों से परेशान था
कानपुर के कल्याणपुर में होम लोन की किस्तों और पॉक्सो के मुकदमे की कानूनी प्रक्रिया से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक फोन नहीं उठने पर उसका दोस्त घर पहुंचा। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की से झांककर देखा। कमरे में युवक का शव गमछे के सहारे पंखे से लटकता देखकर उसके होश उड़ गए। दोस्त ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आईआईटी नानकारी निवासी मिहिर कुमार (25) एक ब्लैंकेट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। परिवार में मां माया देवी और छोटा भाई श्रेय गुप्ता हैं। पिता जितेंद्र कुमार की करीब 15 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। मां घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। परिवार की जिम्मेदारी में हाथ बंटाने के लिए मिहिर भी नौकरी करता था। छोटे भाई श्रेय ने बताया कि गुरुवार सुबह परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर चले गए थे। रात करीब नौ बजे मिहिर घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। देर रात ड्यूटी पर जाने के लिए उसके दोस्त ने फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी उसने फोन नहीं उठाया। इस पर दोस्त उसके घर पहुंच गया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने खिड़की से झांककर देखा। कमरे में मिहिर का शव गमछे के सहारे पंखे से लटक रहा था। यह देखकर दोस्त घबरा गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव फंदे से लटकता देखकर मां और भाई बदहवास हो गए। परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कल्याणपुर थाने का फोर्स और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सात लाख का होम लोन, हर महीने 12 हजार की किस्त
परिजनों के मुताबिक, मिहिर ने करीब एक साल पहले सात लाख रुपये का होम लोन लिया था। इसकी हर महीने करीब 12 हजार रुपये की किस्त जमा करनी पड़ती थी। नौकरी से मिलने वाली कमाई में से किस्त चुकाने की जिम्मेदारी भी उसके ऊपर थी। इसके अलावा वह एक मुकदमे को लेकर भी मानसिक रूप से परेशान रहता था। भाई श्रेय का कहना है कि होम लोन की किस्त और मुकदमे की लगातार चल रही भागदौड़ के कारण वह तनाव में रहने लगा था।
पॉक्सो मुकदमे में आठ महीने जेल में रहा
मां माया देवी ने बताया कि बेटे के प्रेम संबंध थे। पिछले साल कन्नौज जिले के ठठिया थाने में एक युवती की ओर से उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में मिहिर करीब आठ महीने जेल में रहा। इसके बाद उसे कोर्ट से जमानत मिली थी। जमानत पर बाहर आने के बाद भी मुकदमे की सुनवाई के लिए उसे हर महीने कन्नौज जाना पड़ता था। लगातार तारीखों और कानूनी प्रक्रिया के चलते वह परेशान रहता था। परिजनों के मुताबिक, इसी तनाव के बीच उसने यह कदम उठा लिया। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी कल्याणपुर थाना प्रभारी किशोर कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने होम लोन और पॉक्सो मुकदमे के चलते युवक के तनाव में रहने की बात बताई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)