कन्नौज में दूज मनाकर लौट रहे युवक की मौत:बाइक को पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरने के बाद कई गाड़ियों ने कुचला

Nov 12, 2026 - 12:40
0
कन्नौज में दूज मनाकर लौट रहे युवक की मौत:बाइक को पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरने के बाद कई गाड़ियों ने कुचला
कन्नौज में भाई दूज मनाकर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार देर रात उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर जा गिरा। जिसके बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहन उसे कुचलते हुए निकल गए। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामला छिबरामऊ क्षेत्र के अकबरपुर स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास का है। बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा मृतक की पहचान बरौली गांव निवासी तेजेंद्र सिंह उर्फ रवि (28) के रूप में हुई है। बुधवार को भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए बाइक से अपनी बहन निहारिका के घर गए थे। निहारिका की ससुराल मैनपुरी जिले के जासमई गांव में है। जहां उनकी शादी लोकेंद्र सिंह के साथ हुई है। बहन के घर त्योहार मनाने के बाद तेजेंद्र देर रात बाइक से वापस अपने गांव बरौली लौट रहे थे। अकबरपुर स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सामने पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तेजेंद्र अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले कि वह संभल पाते, अंधेरे में वहां से गुजर रहे अन्य भारी वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से लहूलुहान हालत में पड़े तेजेंद्र को छिबरामऊ स्थित सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। चार साल पहले हुई थी शादी, मासूम के सिर से उठा पिता का साया मृतक तेजेंद्र सिंह कानपुर के बर्रा क्षेत्र में जियो कंपनी में कार्यरत थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी शादी चार साल पहले 23 अप्रैल 2022 को कन्नौज के तिर्वा रोड स्थित बस्ता गांव निवासी शिवानी के साथ हुई थी। दंपती का एक छोटा मासूम बेटा शिवांश है। हादसे की खबर मिलते ही बदहवास परिजन अस्पताल पहुंच गए। तेजेंद्र का शव देखते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। पति की असमय मौत से पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बेटे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User