कोहरे में बलेनो ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी:संभल में छात्रा और ई-रिक्शा चालक घायल, मुरादाबाद रेफर

Nov 14, 2026 - 11:29
0
कोहरे में बलेनो ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी:संभल में छात्रा और ई-रिक्शा चालक घायल, मुरादाबाद रेफर
संभल में शनिवार सुबह घने कोहरे के दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में सेंटमेरी स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा परिधि (15) और ई-रिक्शा चालक अरुण कुमार (30) घायल हो गए। गंभीर हालत में छात्रा को मुरादाबाद रेफर किया गया। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे तहसील संभल के नखासा थाना क्षेत्र में गांव रुकनुद्दीन सराय के पास हुआ। अरुण कुमार गांव लखौरी जलालपुर के रहने वाले हैं। वह रोजाना ई-रिक्शा से संभल के सेंटमेरी स्कूल के बच्चों को ले जाते हैं। अरुण के मुताबिक, ई-रिक्शा में आमतौर पर 5 से 6 बच्चे होते हैं, लेकिन हादसे के समय उसमें सिर्फ परिधि बैठी थी। कोहरे के कारण सामने से आ रही कार दिखाई नहीं दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गई और कार खंदी में उतर गई। परिधि के सिर में गंभीर चोट आई। कार की हेडलाइट, सामने का शीशा और ड्राइवर की तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। कार को 40 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। कार का नंबर UP 14 EC 2727 है। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सुबह 9 बजे प्राथमिक इलाज के बाद छात्रा को मुरादाबाद के हायर सेंटर रेफर किया गया। अरुण ने बताया कि वह कोहरे के कारण ई-रिक्शा धीमी गति से चला रहे थे, जबकि सामने से आ रही कार तेज रफ्तार में थी। उनके मुताबिक, कार चला रहे फैजान (26) भी गांव लखौरी जलालपुर के रहने वाले हैं। वह बिलाल के बेटे हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा और गाड़ी में टक्कर हुई है। स्कूल में पढ़ने वाली बच्ची सहित दो लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User