कृषि-विभाग ने बताए गेहूं को दीमक से बचाने के उपाय:हापुड़ में बुवाई से पहले बीज उपचार की सलाह, जैविक कीटनाशी डालने को कहा
हापुड़ में गेहूं की बुवाई का सीजन चल रहा है। फसल को दीमक से बचाने के लिए कृषि विभाग ने किसानों को सावधानियां बरतने की सलाह दी है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि दीमक मिट्टी में रहने वाला कीट है, जो फसल की जड़ों और तनों को नुकसान पहुंचाता है। दीमक का प्रकोप बुवाई से कटाई तक हो सकता है। इससे प्रभावित पौधे धीरे-धीरे सूख जाते हैं और जमीन से आसानी से उखड़ जाते हैं। गौरव प्रकाश ने कहा कि खेत में पूरी तरह सड़ी और सूखी गोबर की खाद का ही इस्तेमाल करें। खेत में उगने वाले खरपतवारों को समय-समय पर हटाते रहें। दीमक के टीले दिखने पर ब्यूवेरिया बेसियाना जैविक कीटनाशी का 5 से 10 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर टीले में डालें। उन्होंने किसानों से गेहूं की बुवाई से पहले बीज का उपचार करने को कहा। ब्यूवेरिया बेसियाना जैविक कीटनाशी पाउडर की 8 से 10 ग्राम मात्रा प्रति किलोग्राम बीज के हिसाब से हल्के गुड़ के घोल में मिलाकर बीज पर लगाएं। उपचारित बीज को करीब 30 मिनट तक छायादार जगह पर रखने के बाद बुवाई करें। घोल में ज्यादा पानी न मिलाएं, ताकि पाउडर बीज पर अच्छी तरह चिपक सके। खेत की आखिरी जुताई के समय प्रति हेक्टेयर 2.5 किलोग्राम ब्यूवेरिया बेसियाना या मेटारिजियम एनिसोपली को 65 से 70 किलोग्राम पुरानी भुरभुरी गोबर की खाद में मिलाकर मिट्टी में डालने की सलाह दी गई है। खड़ी फसल में दीमक दिखने पर मेटारिजियम एनिसोपली जैविक कीटनाशी का 5 से 10 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर खेत में डालें। विभाग के मुताबिक, यह मिट्टी में मौजूद सफेद लट और दीमक को नियंत्रित करने में असरदार पाया गया है। विभाग ने किसानों से समय रहते बचाव के उपाय अपनाकर गेहूं की फसल को नुकसान से बचाने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)