लखनऊ में इंजीनियर दंपती को बंधक बनाकर 30 हजार वसूले:रिकवरी एजेंटों ने अलग-अलग कमरें में बंद किया, पीड़ित ने पुलिस पर भी लगाए आरोप
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रिकवरी एजेंटों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि 14 नवंबर को 8-10 बाइक सवारों ने कार सवार इंजीनियर और उसकी पत्नी को रोककर सुनसान जगह स्थित एक ऑफिस में बंधक बना लिया। दोनों को अलग-अलग कमरों में बंद कर बकाया किस्त के नाम पर धमकाया और जबरन 30 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस पर भी आरोपियों का साथ देने और जबरन ऑनलाइन भुगतान कराने का आरोप लगाया है। हाईवे से 2-3 किलोमीटर दूर ले गए सुल्तानपुर शहर निवासी घनश्याम त्रिपाठी के मुताबिक, उनका बेटा सिद्धार्थ दत्त नोएडा की एक निजी कंपनी में इंजीनियर है। 14 नवंबर को वह पत्नी प्रिया, बेटे अनंत और अपनी ममेरी बहन शिवा के साथ कार से सुल्तानपुर से गाजियाबाद जा रहा था। दोपहर करीब 2:15 बजे खुर्दही बाजार के आगे कई बाइकों से आए 8-10 लोगों ने कार के आगे और पीछे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद सभी को हाईवे से करीब दो से तीन किलोमीटर दूर स्थित एक ऑफिस में ले गए। वहां सिद्धार्थ और उसकी पत्नी को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया गया, जबकि बच्चे और ममेरी बहन को कार में ही लॉक कर दिया। बकाया किस्त के नाम पर धमकाया आरोप है कि रिकवरी एजेंटों ने बकाया किस्त का पैसा देने के बाद ही छोड़ने की धमकी दी। विरोध करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। इस दौरान शिवा ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 और 1090 पर सूचना दी गई। पुलिस पर भी आरोप, जबरन ट्रांसफर कराए 10 हजार पीड़ित पिता का आरोप है कि मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने बेटे-बहू को राहत दिलाने के बजाय रिकवरी एजेंटों का साथ दिया। दबाव बनाकर बहू की यूपीआई आईडी से एक गुर्गे के खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा बहू के पर्स में रखे 20 हजार रुपये भी जबरन ले लिए गए। आरोप है कि रकम देने के बाद भी पुलिस से दोबारा शिकायत करने पर आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी। चार दिन बाद भी कार्रवाई नहीं घटना से आहत घनश्याम त्रिपाठी 16 नवंबर को सुल्तानपुर से लखनऊ आए। उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत देकर बंधक बनाकर वसूली करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर उन्हें वापस भेज दिया, लेकिन चार दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित पिता ने अब पुलिस आयुक्त और डीसीपी दक्षिणी से मिलकर शिकायत करने की बात कही है। डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। घटना सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)