मथुरा में मंदिर से चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:CCTV और यक्ष एप से पकड़े गए, सामान बरामद
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी गार्डन-2 कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और यक्ष एप के फेस रिकग्निशन फीचर की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने मंदिर से चोरी किए गए चांदी-सोने के सामान के अलावा दो अन्य चोरी की घटनाओं का माल भी बरामद किया है। थाना हाईवे प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु, धीरज निवासी सतौहा और कल्लन उर्फ हेमसिंह निवासी धनगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया चांदी का सिक्का, टीका, नथ, सोने का सामान और 5 हजार रुपए बरामद किए हैं। चोरी की रकम में से 25 हजार रुपए हिमांशु ने अपने बैंक खाते में जमा कर दिए थे। पुलिस ने संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करा दिया है। दो अन्य चोरी की घटनाओं का माल भी बरामद पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा धनगांव में की गई चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा हुआ। इस घटना से जुड़े चांदी के सिक्के, अंगूठियां, पाजेब और नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा देव स्टेट कॉलोनी स्थित जयगुरुदेव कैंटीन में हुई चोरी का सामान भी पुलिस ने बरामद किया है। इसमें एक जोड़ी पायल, एक कंघी और छह सिक्के शामिल हैं। सीसीटीवी और यक्ष एप से हुई पहचान थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस ने तीनों आरोपियों को मालगोदाम रोड से पटरी की तरफ करीब 100 मीटर आगे गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरों और यक्ष एप के फेस रिकग्निशन फीचर ने अहम भूमिका निभाई। तकनीक की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)