शामली के स्कूल में बना किशोरी क्लब:छात्राओं को खेल सामग्री देकर बाल सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी

Nov 24, 2026 - 18:18
0
शामली के स्कूल में बना किशोरी क्लब:छात्राओं को खेल सामग्री देकर बाल सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी
शामली। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत महिला कल्याण विभाग की ओर से काबड़ौत स्थित कृष्णा विद्या मंदिर हाई स्कूल में किशोरी क्लब की स्थापना कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ महिला एवं बाल अधिकार, सुरक्षा कानूनों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा के निर्देश और जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ने की। विद्यालय में पांच-पांच छात्राओं के छह समूह बनाकर किशोरी क्लब का गठन किया गया। क्लब के माध्यम से बालिकाओं के मनोरंजन, स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, हॉकी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन सहित खेल सामग्री वितरित की गई। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी मंजू चौधरी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया कि मुसीबत में फंसे, शोषित, लावारिस या देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चे 24 घंटे निशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों को रेस्क्यू, सुरक्षित आश्रय, चिकित्सा, परामर्श और पुनर्वास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) की जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा से पीड़ित और संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे आश्रय, चिकित्सा, पुलिस सहायता, कानूनी सलाह और मनो-सामाजिक परामर्श की सुविधाएं निशुल्क दी जाती हैं। बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया समझाते हुए CARA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही गोद लेने की प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी गई। गैरकानूनी तरीके से बच्चों को गोद लेना या देना दंडनीय अपराध है। बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और दहेज प्रतिषेध कानूनों पर भी जागरूक किया गया। बताया गया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से श्रम कराना और 14 से 18 वर्ष के किशोरों से खतरनाक कार्य कराना कानूनन अपराध है। विवाह में प्राप्त उपहारों की सूची तैयार कर विवाह के एक माह के भीतर जिला दहेज प्रतिषेध अधिकारी केकार्यालय में जमा कराने की जानकारी दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User