माघ मेले में बनने लगे पांटून पुल:एक पुल बनाने में लगेंगे 20 दिन, 100 से अधिक मजदूर करे रहे काम

Nov 24, 2026 - 15:00
0
माघ मेले में बनने लगे पांटून पुल:एक पुल बनाने में लगेंगे 20 दिन, 100 से अधिक मजदूर करे रहे काम
प्रयागराज माघ मेला 2027 की तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। संगम क्षेत्र में जहां जमीन समतल करने और शिविर-पंडाल बसाने का काम चल रहा है। वहीं श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए गंगा पर पीपे के पुल तैयार किए जा रहे हैं। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार कुल 9 पीपे के पुल बनाए जा रहे हैं। इन पुलों के जरिए संगम क्षेत्र को झूंसी और नैनी की तरफ से जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि माघ मेले के इतिहास में पहली बार नैनी से झूंसी के बीच दो पीपे के पुल बनाए जा रहे हैं। इससे गंगा के दोनों किनारों पर रहने और आने वाले श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने में आसानी होगी। 20 दिन में तैयार होता है एक पुल गंगा की धारा के ऊपर पीपे का पुल तैयार करना आसान काम नहीं है। इसे बनाने में करीब 20 दिन का समय लगता है। पुल निर्माण में 100 से अधिक मजदूर और कारीगर लगाए जाते हैं। कोई मजदूर नदी में लोहे के पीपे उतारने का काम करता है तो कोई उन्हें एक-दूसरे से जोड़ता है। इसके बाद पीपों के ऊपर लोहे की प्लेटें बिछाई जाती हैं और दोनों तरफ सुरक्षा के लिए गार्डर लगाए जाते हैं। पुल बनाने वाले संदीप निषाद के मुताबिक, निर्माण के दौरान हर मजदूर की अलग-अलग जिम्मेदारी होती है। नदी के जलस्तर, पानी के बहाव और मौसम को ध्यान में रखकर पुल तैयार किया जाता है। 110 पीपों से तैयार होगा एक पुल झूंसी की तरफ से संगम क्षेत्र को जोड़ने वाले एक पीपे के पुल में करीब 110 लोहे के पीपों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन पीपों के ऊपर लगभग 5 हजार चक्कर प्लेटें बिछाई जाएंगी। इन प्लेटों के जरिए श्रद्धालुओं के पैदल चलने के साथ वाहनों के आवागमन के लिए भी रास्ता तैयार होगा। पुल के दोनों तरफ सुरक्षा के लिए करीब 1 हजार लोहे के गार्डर लगाए जाएंगे। इन्हें मजबूत लोहे के तारों से बांधा जाएगा, ताकि पुल से गुजरने वाले लोगों को सहारा मिल सके। वहीं नैनी से झूंसी के बीच बनने वाले पुल में नदी की चौड़ाई के हिसाब से 100 या इससे अधिक पीपों की जरूरत पड़ती है। पानी में तैरते पीपों पर बनता है रास्ता पीपे का पुल जमीन पर नहीं, बल्कि गंगा के पानी के ऊपर बनाया जाता है। इसके लिए बड़े-बड़े लोहे के पीपों को ट्रकों के जरिए नदी किनारे लाया जाता है। फिर क्रेन और मजदूरों की मदद से उन्हें एक-एक करके पानी में उतारा जाता है। निर्धारित दूरी पर पीपों को व्यवस्थित कर आपस में मजबूती से जोड़ा जाता है। इसके बाद इनके ऊपर लोहे की प्लेटें बिछाकर रास्ता तैयार किया जाता है। दोनों तरफ गार्डर लगाने के बाद पुल को अंतिम रूप दिया जाता है। जहां नदी में पानी पर्याप्त रहता है, वहां पीपे उतारने और उन्हें जोड़ने में आसानी होती है, जबकि कम पानी वाले हिस्सों में पीपों को सही स्थिति में पहुंचाने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। लंगर से बांधा जाता है पुल, ताकि बहाव में न खिसके काम कर रहे वर्कर भोला ने बताया कि गंगा की तेज धारा में पीपे का पुल अपनी जगह से खिसके नहीं, इसके लिए खास इंतजाम किए जाते हैं। पुल को नदी के अंदर लगाए गए लकड़ी के लंगरों से बांधा जाता है। इन लंगरों में बालू भरी जाती है, जिससे उनका वजन बढ़ जाता है। इसके बाद मजबूत रस्सियों के जरिए पुल को लंगरों से बांध दिया जाता है। इससे पानी का बहाव तेज होने पर भी पुल अपनी निर्धारित जगह पर बना रहता है। पुल निर्माण में इस तकनीकी व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाता है। एक पुल पर करीब 50 लाख रुपये खर्च एक पीपे के पुल का टेंडर करीब 50 लाख रुपये का होता है। पुल निर्माण के लिए पीपे सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जाते हैं, जबकि उसे तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किया जाता है। पीडब्ल्यूडी के कॉन्ट्रैक्टर अनुराग सहगल ने बताया कि ओल्ड जीटी पांटून पुल के निर्माण में करीब 100 मजदूर दिन-रात काम कर रहे हैं। काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। सभी को लाइफ जैकेट पहनाई गई है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी या चोट से बचा जा सके और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा हो सके। माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पीपे के पुल आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। संगम में स्नान, कल्पवास और धार्मिक आयोजनों के बीच इन पुलों से लाखों लोगों की आवाजाही होती है। यही वजह है कि मेला क्षेत्र में पीपे के पुल तैयार होने के साथ ही माघ मेले की तैयारियों को भी नई गति मिलती दिखाई देने लगी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User