खुद को मृत दिखाने को नेत्रहीन युवक का गला काटा:धड़ के पास अपना आधार कार्ड रखा, बलि के बाद सोने के सिक्के देने का लालच दिया
शाहजहांपुर में खुद को पुराने मुकदमों से बचने और विरोधियों को फंसाने के लिए एक शातिर अपराधी ने खौफनाक साजिश रची और खुद को मृत दिखा दिया। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक नेत्रहीन युवक की गड़ासे से गर्दन काटकर हत्या कर दी और धड़ के पास अपना आधार कार्ड रख दिया। पुलिस ने 23 नवंबर की रात आठ बजे मुख्य आरोपी विनोद और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त गड़ासा और ईंट बरामद कर मंगलवार दोपहर दो बजे तीनों को जेल भेज दिया गया। तंत्र-मंत्र से आंखें ठीक करने का लालच देकर की हत्या कलान थाना क्षेत्र के सियूडी गांव निवासी विनोद (50) पर रेप समेत करीब 5 केस दर्ज हैं और वह एक साल से फरार था। जेल से छूटने के बाद वह बाबा बन गया था। उसने निगोही निवासी नेत्रहीन राजपाल (30) को तंत्र-मंत्र से आंखें ठीक करने का झांसा दिया। इस वारदात में उसने बदायूं निवासी अपने दूर के रिश्तेदार विकास और ओमपाल को भी शामिल किया। उसने दोनों को पांच हजार रुपये और बलि देने के बाद 15 पीतल के सिक्के सोने में बदलने का लालच दिया। 14 नवंबर की रात तीनों ने सूखे कुएं में गड़ासे से राजपाल का सिर काटा और ईंट से चेहरा कुचल दिया। धड़ के पास विनोद ने अपना आधार कार्ड रख दिया और सिर को करीब 50 किलोमीटर दूर बदायूं की नदी में फेंक दिया, जिसकी तलाश की जा रही है। विरोधियों पर दर्ज कराई FIR, बेटे से कहा- CM दरबार जाओ 17 नवंबर को कुएं से धड़ बरामद होने पर पहले ग्रामीणों ने इसे विनोद का शव मानने से इनकार किया। लेकिन 18 नवंबर को दिल्ली से लौटी विनोद की पत्नी पूजा और बेटे आदित्य ने पैर का धागा देखकर शव की शिनाख्त विनोद के रूप में की और ग्राम प्रधान समेत नौ विरोधियों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज करा दी। इधर, राजपाल के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने शव के कपड़े उसके गांव वालों को दिखाए, तो उसकी असली पहचान उजागर हो गई। इसके बाद पुलिस ने विनोद और उसके परिवार के मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिए। इस बीच विनोद ने नया सिम खरीदकर राजपाल के ही मोबाइल में डाला और अपने बेटे को फोन कर कहा कि वह जिंदा है और आरोपियों को जेल भिजवाने के लिए CM दरबार जाकर पुलिस पर दबाव बनाए। राजपाल के मोबाइल की लोकेशन से पकड़ा गया, परिवार भी हिरासत में राजपाल का मोबाइल चालू होते ही पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर विनोद और उसके दोनों साथियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र 30 साल और विनोद की 50 साल होने के कारण पुलिस को पहले ही शक था, लेकिन विनोद की पत्नी और बेटे ने सड़क जाम कर पुलिस पर दबाव बनाया था। पुलिस ने साजिश में शामिल होने के आरोप में विनोद के परिवार को भी हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि विनोद किसी ऐसे शख्स की हत्या करना चाहता था जिसका कोई वारिस न हो। करीब 10 साल पहले पत्नी से विवाद के बाद राजपाल की आंखों में मिर्च झोंक दी गई थी, जिससे उसकी रोशनी चली गई थी और पत्नी व बेटा उसे छोड़कर चले गए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)