मातृ-पितृ वंदनम् में बच्चों से बुजुर्गों तक ने किया सम्मान:रील्स और व्यस्तता के दौर में माता-पिता के रिश्तों की बताई अहमियत
हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के चौथे दिन रविवार को बृजेंद्र स्वरूप पार्क में भारतीय संस्कारों की अनूठी झलक देखने को मिली। यहां आयोजित मातृ-पितृ वंदनम् कार्यक्रम में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक ने अपने माता-पिता का सम्मान कर उनके चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में 350 से अधिक लोगों ने अपने माता-पिता का वंदन किया, जिसमें 4 पीढ़ियों के 25 परिवार शामिल हुए। वहीं, 33 परिवार 3 पीढ़ियों के साथ शामिल हुए। किसी ने माता-पिता को तिलक लगाकर सम्मानित किया तो किसी ने उनके चरणों में शीश झुकाकर कृतज्ञता जताई। कार्यक्रम के जरिए नई पीढ़ी को माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। देखिए 3 तस्वीरें…
बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया आशीर्वाद हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के चौथे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में पारिवारिक संस्कारों और भारतीय परंपराओं का महत्व प्रमुखता से सामने आया। कार्यक्रम में शामिल बच्चों और युवाओं ने अपने माता-पिता का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर और चरण स्पर्श करके सम्मान किया। वहीं बुजुर्गों ने भी अपने माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में परिवार एक साथ पहुंचे। बच्चों को अपने माता-पिता का वंदन करते देख कार्यक्रम स्थल पर भावुक और आत्मीय माहौल नजर आया। कुलपति ने भी अपने पिता का लिया आशीर्वाद छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने भी अपने पिता को तिलक लगाकर आरती उतारी और उनका आशर्वाद लिया। प्रो. विनय पाठक ने कहा कि भारतीय मनीषा में प्राचीन समय से ही माता और पिता को देवता के समान माना गया है। नई पीढ़ी और युवाओं को इन संस्कारों से जोड़ने के लिए इस तरह का बड़े स्तर पर आयोजन करना अच्छी पहल है। ऐसे बड़े मेलों में संस्कार आधारित कार्यक्रम होते रहने चाहिए, जिससे समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूती मिले। भारतीय सभ्यता और परंपराओं को याद दिलाना जरूरी कुलपति प्रो. विनय पाठक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पश्चिमी संस्कृति और सोशल मीडिया की रील्स से काफी प्रभावित हो रही है। मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाले लोगों के बीच यह सोच बढ़ रही है कि उनके पास पैसा तो है, लेकिन माता-पिता के लिए समय नहीं है। यही मानसिकता धीरे-धीरे वृद्धाश्रम और ओल्ड एज होम की संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। न्यूक्लियर फैमिली का चलन भी बढ़ रहा है। ऐसे समय में भारतीय सभ्यता और परंपराओं को याद दिलाना जरूरी है। भारतीय सभ्यता के मूल्यों को समझना जरूरी- प्रो. पाठक प्रो. पाठक ने कहा कि भारत की संस्कृति में माता-पिता को जीवन के अंतिम समय तक अपने साथ रखने और उनकी सेवा करने की परंपरा रही है। हमें जापान या अमेरिका की संस्कृति की नकल करने के बजाय अपनी सभ्यता के मूल्यों को समझना चाहिए। बच्चों को केवल किताबों और पाठ्यक्रम के माध्यम से संस्कार सिखाने की अपेक्षा इस तरह की गतिविधियों में शामिल करना ज्यादा प्रभावी होता है। जब बच्चे खुद माता-पिता का वंदन करते हैं तो उसका असर उनके मन और व्यवहार पर लंबे समय तक रहता है। बच्चों में संस्कार विकसित करना उद्देश्य कार्यक्रम के आयोजक डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि जिस तरह माता-पिता बड़ी मेहनत और परिश्रम से बच्चों को जन्म देकर उनका पालन-पोषण करते हैं, उसी तरह बच्चों का भी धर्म है कि वे माता-पिता के बारे में सोचें और उनकी सेवा करें। आज पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है और सनातन परंपराओं के संस्कार कमजोर पड़ रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उनके परिवार ने भी मातृ-पितृ वंदन किया। उनकी पत्नी डॉ. मृदुला पालीवाल, बेटी आरुषि पालीवाल और बेटे कार्तिकेय पालीवाल ने उनका और उनकी पत्नी का वंदन कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को व्यवहारिक रूप से संस्कारों से जोड़ने का प्रयास है। पांच दिनों में पांच तरह के वंदन कार्यक्रम डॉ. उमेश पालीवाल ने बताया कि मेले में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मातृ-पितृ वंदन के माध्यम से माता-पिता के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया। इस तरह मेले के अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति, गुरु, कन्या, माता-पिता और राष्ट्र के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्य वक्ता गुणवत सिंह कोठारी, अध्यक्ष भवानी भीख तिवारी, विशिष्ट अतिथि प्रो. विनय पाठक, मुंबई से आए प्रांत अध्यक्ष अशोक दोषी, हैदराबाद से आए सह संयोजक नरंजन कुमार और राममूर्ति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)