दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगी:शाहजहांपुर के चार चालकों की मौत, एक घायल; सभी सो रहे थे

Nov 29, 2026 - 14:18
0
दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगी:शाहजहांपुर के चार चालकों की मौत, एक घायल; सभी सो रहे थे
दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लगने से शाहजहांपुर के चार चालकों की मौत हो गई। एक चालक घायल है। सभी ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगाकर सो रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। मृतकों की पहचान जैतीपुर थाना क्षेत्र के अमईपुर सढा गांव के अशोक, साधु और महेंद्र के रूप में हुई है। चौथे मृतक लालाराम बल गिरी गांव के रहने वाले थे। घायल चालक का नाम ठाकुर है। उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पांचों लोग दिल्ली में ई-रिक्शा चलाते थे और एक बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर किराये से रहते थे। दीपावली के बाद वे दिल्ली गए थे। घटना वाली रात सभी ई-रिक्शा इमारत के अंदर चार्जिंग पर लगाकर सो गए थे। रात में बैटरी से शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई। बाहर निकलने के लिए दो गेट थे। इनमें से एक बाहर से और दूसरा अंदर से बंद था। आग की चपेट में पांचों चालक आ गए। अशोक, साधु, महेंद्र और लालाराम की मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद शाहजहांपुर में रह रहे परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User