अलीगढ़ में खराब सड़क निर्माण पर नगर आयुक्त का एक्शन:दो ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, अनुबंध निरस्त; जेई का वेतन शून्य, प्रतिकूल प्रविष्टि भी
अलीगढ़ नगर निगम में खराब गुणवत्ता से सड़क निर्माण कराने वाले ठेकेदारों पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सख्त कार्रवाई की है। वार्ड 37 के कटरा मोहल्ले में निरीक्षण के दौरान दो सड़कों का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर दोनों ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। वहीं, निगरानी में लापरवाही पर दो अवर अभियंताओं के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। नगर आयुक्त ने जनसुनवाई में मिली शिकायत के बाद मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। पहला काम 10.63 लाख रुपये की लागत से राजेश के मकान से सुभाष के मकान तक कराया गया था। इसका निर्माण मैसर्स उमाशंकर शर्मा ने कराया था। दूसरा काम 8.81 लाख रुपये की लागत से सत्य प्रकाश के मकान से सारस ट्रस्ट के मकान तक हुआ था। इसे मैसर्स शिवम बिल्डर्स एंड डेवलपर्स ने कराया था। दोनों जगह सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्यों की निगरानी में लापरवाही मिलने पर अवर अभियंता गिरीश कुमार सागर का नवंबर माह का वेतन शून्य (अदेय) कर दिया गया है। साथ ही उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं, आउटसोर्स अवर अभियंता परितोष का भी नवंबर माह का वेतन शून्य कर दिया गया है। उन्हें अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। दोबारा लापरवाही मिलने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। ठेकेदारों को अनुबंध के मुताबिक पांच साल तक सड़कों और नालियों का रखरखाव करना अनिवार्य है। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी और निगरानी में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदारों और अभियंताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)