‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी’:सहारनपुर पुलिस लाइन पहुंचा बुजुर्ग पिता, बोला;वृद्धाश्रम की 13 बीघा जमीन हड़प ली, पत्नी की हत्या की

Sep 25, 2026 - 13:25
0
‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी’:सहारनपुर पुलिस लाइन पहुंचा बुजुर्ग पिता, बोला;वृद्धाश्रम की 13 बीघा जमीन हड़प ली, पत्नी की हत्या की
सहारनपुर में पुलिस लाइन में शुक्रवार को एक बुजुर्ग हाथ में बैनर लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचा। बैनर पर लिखा था- “मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है।” बुजुर्ग ने अपने ही बड़े बेटे पर करोड़ों रुपए की ठगी करने, वृद्धाश्रम की जमीन हड़पने, पत्नी की हत्या कराने और उसे धीमा जहर देकर मारने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग का कहना है कि उसने अपनी नौकरी और रिटायरमेंट की रकम से करीब 13 बीघा जमीन पर वर्ष 2001 में वृद्धाश्रम बनवाया था। अब बेटे ने कथित तौर पर षड्यंत्र कर उस संपत्ति पर कब्जा कर होटल बना लिया है। बुजुर्ग हुकमचंद पुत्र फूल सिंह, निवासी मिरगपुर पान्जूवाला, थाना बेहट ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में अपने बड़े बेटे अशोक, उसकी पत्नी संगीता और बेटे भारत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बुजुर्ग ने कहा है कि वह मूल रूप से ग्राम तितरवाड़ा का रहने वाला है। वर्ष 2001 में ग्राम मिरगपुर पान्जूवाला स्थित खसरा नंबर 6 और 7 की करीब 13 बीघा जमीन पर वृद्धाश्रम बनवाया था। इसका उद्देश्य गरीब और असहाय बुजुर्गों की नि:शुल्क सेवा करना था। शिकायत के अनुसार वर्ष 2001 से 2021 तक उसने यहां गरीब लोगों की सेवा की। मेरी कमाई से बना था वृद्धाश्रम हुकमचंद ने आरोप लगाया कि वृद्धाश्रम बनाने में उसकी नौकरी और रिटायरमेंट से मिली रकम खर्च हुई थी। उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे अशोक को उसने आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए आरोप लगाया कि उसने मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर के कई लोगों से पैसे लिए और उन्हें वापस नहीं किया। शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ लोगों की रकम उसने अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के कारण खुद वापस की। आरोप है कि अशोक परिवार सहित फरार हो गया और कई लोगों के करोड़ों रुपए फंसे हुए हैं। शिकायत में शामली के शिवचरण गर्ग के 15 लाख रुपए भी अशोक पर बकाया होने का आरोप लगाया गया है। बुजुर्ग ने कहा है कि उसके बेटे ने चार जिलों के लोगों से पैसे लिए हैं और इसी वजह से उसने बैनर पर भी ‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है’ लिखकर पुलिस का ध्यान आकर्षित किया। बेटे ने बिना पैसा दिए कराया जमीन का बैनामा हुकमचंद ने अपने प्रार्थना पत्र में सबसे गंभीर आरोप वृद्धाश्रम की जमीन को लेकर लगाया है। उसका कहना है कि उसके बड़े बेटे अशोक ने उसके और छोटे बेटे उत्तम कुमार से वृद्धाश्रम की जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। आरोप है कि इस बैनामे के बदले उसे और उसके छोटे बेटे को कोई पैसा नहीं दिया गया। बुजुर्ग के मुताबिक शाकुंभरी रोड स्थित वृद्धाश्रम की संपत्ति पर बाद में कथित रूप से कब्जा कर लिया गया और वहां ‘व्योम बाइट होटल’ बना दिया गया। उसने पुलिस से जमीन वापस दिलाने की मांग की है। पत्नी की हत्या और खुद को जहर देने का भी आरोप शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी शबरती की मौत को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि संपत्ति हड़पने के लिए षड्यंत्र के तहत उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसे भी धीमा जहर देकर मारने का प्रयास किया गया। बुजुर्ग ने बताया कि उसने इन घटनाओं की जानकारी अपने छोटे बेटे उत्तम कुमार को दी थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। 1 जनवरी 2024 को वृद्धाश्रम में हमला करने का आरोप प्रार्थना पत्र के अनुसार 1 जनवरी 2024 को करीब 3:30 बजे उत्तम कुमार अपने पिता का हालचाल जानने वृद्धाश्रम पहुंचा था। आरोप है कि वहां अशोक, उसका बेटा भारत और पत्नी संगीता ने एकराय होकर हुकमचंद और उत्तम कुमार पर हमला कर दिया। बुजुर्ग का आरोप है कि तीनों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायतकर्ता ने कहा है कि घटना की वीडियो उसके पास सुरक्षित है। उसने पुलिस से वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग भी की है। बुजुर्ग ने सुरक्षा की भी लगाई गुहार हुकमचंद ने एसएसपी से अशोक, संगीता और भारत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही वृद्धाश्रम की जमीन वापस दिलाने और भविष्य में अपनी तथा अपने छोटे बेटे उत्तम कुमार की जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। बुजुर्ग का कहना है कि उसे अपने बड़े बेटे से जान का खतरा है। इसलिए पुलिस उसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करे और उसे सुरक्षा प्रदान करे। पुलिस लाइन में बैनर बना चर्चा का केंद्र गुरुवार को जब बुजुर्ग हाथ में बैनर लेकर पुलिस लाइन पहुंचा तो उस पर लिखी लाइन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा था- “मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है।” बुजुर्ग ने कहा कि वह अपने बेटे के खिलाफ कार्रवाई के लिए लंबे समय से परेशान है और अब सीधे एसएसपी के सामने अपनी शिकायत लेकर पहुंचा है। हालांकि, प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच और सत्यापन होना बाकी है। जमीन के बैनामे, वृद्धाश्रम की संपत्ति, कथित ठगी, पत्नी की मौत और 1 जनवरी 2024 की मारपीट से जुड़े दस्तावेज व वीडियो जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User