24 साल बाद शिक्षक का नियुक्ति अनुमोदन निरस्त:मऊ में सहायक अध्यापक के पद पर थे तैनात, डीपीएड डिग्री फर्जी निकली

Nov 29, 2026 - 09:03
0
24 साल बाद शिक्षक का नियुक्ति अनुमोदन निरस्त:मऊ में सहायक अध्यापक के पद पर थे तैनात, डीपीएड डिग्री फर्जी निकली
मऊ के कोपागंज स्थित अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में करीब 24 साल से सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत योगेश चंद्र राय का नियुक्ति अनुमोदन निरस्त कर दिया गया है। तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संतोष कुमार उपाध्याय ने 6 जुलाई 2002 को जारी नियुक्ति अनुमोदन आदेश को रद्द कर दिया। विभाग ने उनकी डीपीएड डिग्री को नियमों के विपरीत मानते हुए यह कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, नियुक्ति अनुमोदन आदेश में स्पष्ट शर्त थी कि अभिलेखों में तथ्य छिपाने या कूटरचना की पुष्टि होने पर अनुमोदन निरस्त किया जा सकता है। शिकायतकर्ता तनमय राय, पुत्र विनोद कुमार राय और अन्य लोगों ने शिक्षक की डीपीएड डिग्री और नियुक्ति की वैधता पर सवाल उठाए थे। इसके बाद विभाग ने 17 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के लिए नोटिस जारी कर शिक्षक से संबंधित अभिलेखों के साथ जवाब मांगा। जवाब में शिक्षक ने बताया कि उन्होंने 1999 में पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध नरहेजी महाविद्यालय, रसड़ा (बलिया) से नियमित छात्र के रूप में डीपीएड किया था। उन्होंने 2018 में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रमाणपत्रों के सत्यापन और 2025 में सहायक निदेशक (बेसिक), आजमगढ़ मंडल की ओर से की गई जांच का भी हवाला दिया। शिक्षक के मुताबिक, पूर्व में हुई जांच के बाद मामला निस्तारित कर दिया गया था। हालांकि, ताजा जांच में बीएसए कार्यालय ने पाया कि संबंधित महाविद्यालय को वर्ष 1999 में डीपीएड की डिग्री प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की मान्यता प्राप्त नहीं थी। अभिलेखों और शिक्षक के जवाब की समीक्षा के बाद विभाग ने इस डिग्री के आधार पर जारी नियुक्ति अनुमोदन को वैध नहीं माना। इसके बाद तत्कालीन बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने 6 जुलाई 2002 के नियुक्ति अनुमोदन आदेश को निरस्त करते हुए शिकायतों का निस्तारण कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User