मेरठ में 11 डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान:सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, दिन में धूप से मिल रही राहत

Nov 19, 2026 - 08:12
0
मेरठ में 11 डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान:सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, दिन में धूप से मिल रही राहत
मेरठ में मौसम ने अब ठंड का असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। हवा में भी ठंडक घुल गई है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, शाम ढलते ही ठंडी हवाओं के चलते मौसम का मिजाज बदल जाता है। मंगलवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 10.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह भी मौसम में ठंडक बनी रही। सुबह के समय चलने वाली ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास कराया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर होने के कारण मौसम का मिजाज सुबह से दोपहर तक अलग-अलग बना हुआ है। दोपहर में जहां धूप के चलते हल्की गर्मी महसूस हो रही है, वहीं शाम होते ही ठंड बढ़ने लगती है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों की दिनचर्या पर भी असर दिखाई देने लगा है। सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग अब गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकल रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सुबह और देर शाम ठंडी हवा का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय भी तापमान में गिरावट के चलते ठंड बढ़ रही है। कृषि प्रणाली के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार अगले तीन से चार दिन तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में सुबह और शाम के समय ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User