धनतेरस-दीपावली पर रॉबर्ट्सगंज में रूट बदले:6 से 8 नवंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, तय जगहों पर खड़े करने होंगे वाहन
सोनभद्र में धनतेरस और दीपावली के दौरान रॉबर्ट्सगंज नगर के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। त्योहारों पर शहर को जाम से बचाने और लोगों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए 6 से 8 नवंबर तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान अलग-अलग मार्गों से शहर में आने वाले वाहनों के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करना होगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए तय किए रूट यातायात प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था के तहत शक्तिनगर की ओर से आने वाले बड़े वाहन और चार पहिया वाहन फ्लाईओवर से होकर गुजरेंगे। वहीं, शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को रॉबर्ट्सगंज सब्जी मंडी के गेट नंबर दो के पास निर्धारित स्थान पर रोकना होगा। घोरावल और शाहगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को नहर के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप ही रोकने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह पन्नूगंज की ओर से आने वाले वाहनों को सजौर गांव के पास रोकना होगा। करमा और मधुपुर की तरफ से आने वाले छोटे वाहनों को धर्मशाला मोड़ के पास निर्धारित स्थान पर खड़ा करना होगा। इन स्थानों से आगे शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश नियंत्रित रहेगा। बाजारों और संपर्क मार्गों पर रहेगी निगरानी त्योहारी भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों और संपर्क मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात पुलिस की ओर से जाम की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, दुकानदारों और ग्राहकों से भी सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है। सुबह 8 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री इसके अलावा 6 से 8 नवंबर तक सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से बाजार क्षेत्र में वाहन लेकर न पहुंचें, ताकि त्योहार के दौरान आम लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)