FSDA ने 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए:12 टोल प्लाजा पर जांच में 22 क्विंटल खोया और 28 क्विंटल पनीर पकड़ा

Nov 05, 2026 - 20:10
0
FSDA ने 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए:12 टोल प्लाजा पर जांच में 22 क्विंटल खोया और 28 क्विंटल पनीर पकड़ा
मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ FSDA ने अभियान चलाकर 12 टोल प्लाजा और प्रमुख चौराहों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान 48 वाहनों की जांच में 22 क्विंटल बदबूदार खोया और 28 क्विंटल पनीर पकड़ा गया। वहीं, असुरक्षित और गंदगी में रखी करीब 60 क्विंटल खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। अब तक प्रदेश में 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। टॉयलेट के पास बन रही थीं मिठाइयां, कहीं मिला फफूंद लगा घेवर बरेली के सुभाष नगर स्थित न्यू बजाज स्वीट्स की मिठाई बनाने वाली यूनिट में भारी गंदगी मिली। यहां मिठाई बनाने वाली भट्ठी के ठीक पास टॉयलेट संचालित हो रहा था। फर्श टूटा था और परिसर में गंदा पानी भरा था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर यूनिट का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। इसी जिले के कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में पुराना और फफूंद लगा घेवर मिला। यहां भी गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। इस यूनिट का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। एक्सपायरी सामग्री और चूहों की गंदगी के बीच बन रही थीं मिठाइयां मुरादाबाद के ढकिया, डिलारी स्थित हुकुमत मिल्क केक की सफेद रसगुल्ला बनाने वाली यूनिट में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। यहां भी लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई हुई। कोहिनूर तिराहे के पास मदनी स्वीट्स में एक्सपायरी सामग्री से मिठाइयां बनाई जा रही थीं। यहां चूहों और उनकी बीट के साथ गैर-खाद्य रंगों का इस्तेमाल भी मिला। जल निकासी की व्यवस्था भी खराब थी। इस प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया। मुरादाबाद में ही मकबरा रोड स्थित बीना मिष्ठान भंडार बिना फूड लाइसेंस के संचालित मिला। यहां चूहों का आतंक और भारी गंदगी मिली। यूनिट का कारोबार बंद करा दिया गया। कासगंज के पवन स्वीट्स में भी गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार करने पर कार्रवाई की गई। 22 क्विंटल खोया और 28 क्विंटल पनीर पकड़ा वाहनों की जांच के दौरान मऊ में 230 किलो असुरक्षित खोया मिला। कानपुर नगर में करीब 22 क्विंटल बदबूदार खोया पकड़ा गया। रामपुर में 350 लीटर दूध और हापुड़ में करीब 28 क्विंटल पनीर अस्वच्छ हालत में ले जाया जा रहा था। बाराबंकी और उन्नाव में भी पनीर पकड़ा गया। गौतमबुद्धनगर में संदिग्ध पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। मुरादाबाद में पहले प्रतिबंधित किए जा चुके एक खाद्य कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी में मिलावट में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और अन्य सामग्री मिली। इस मामले में FIR दर्ज कराई गई। बुलंदशहर और मथुरा में भी मिलावट के केमिकल मिलने पर FIR दर्ज कराई गई। अब तक 1533 प्रतिष्ठानों की जांच, 731 सैंपल लिए अभियान के तहत मुख्यालय की 32 मोबाइल फूड स्क्वॉड और मंडल स्तर पर गठित अंतरजनपदीय टीमों ने अलग-अलग जिलों में जांच की। बरेली और मुरादाबाद के अलावा कासगंज, इटावा, हमीरपुर, महोबा, कुशीनगर और शाहजहांपुर में भी कार्रवाई की गई। विशेष अभियान में 113 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर 76 कारोबारियों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस दिए गए। इस दौरान 113 सैंपल भी लिए गए। गंभीर अनियमितताओं पर छह प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। अब तक प्रदेश में कुल 1533 जांच और 731 सैंपल लिए जा चुके हैं। 32 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। करीब 56 क्विंटल खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 60 क्विंटल असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कारोबार बंद कराना नहीं, खाद्य सुरक्षा मानक लागू कराना लक्ष्य FSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि अभियान का मकसद कारोबार बंद कराना नहीं, बल्कि खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाना है। छोटी कमियां मिलने पर कारोबारियों को सुधार नोटिस दिए जा रहे हैं। गंभीर गड़बड़ी पर नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों ने कमियां दूर कर ली हैं, उनके लाइसेंस निलंबन भी जांच के बाद वापस लेकर कारोबार शुरू करने की अनुमति दी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User