नगर निगम-जलकल का 2,635.44 करोड़ का संयुक्त बजट पास:कार्यकारिणी की बैठक में फैसला, STP का संचालन अब खुद करेगा निगम

Nov 05, 2026 - 20:42
0
नगर निगम-जलकल का 2,635.44 करोड़ का संयुक्त बजट पास:कार्यकारिणी की बैठक में फैसला, STP का संचालन अब खुद करेगा निगम
काशी के चहुंमुखी विकास और आम नागरिकों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के संकल्प के साथ वाराणसी नगर निगम और जलकल विभाग के वित्तीय वर्ष 2026-27 के संयुक्त बजट को औपचारिक मंजूरी मिल गई है। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यकारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक में 2,635.44 करोड़ के पुनरीक्षित बजट को सर्वसम्मति से हरी झंडी दे दी गई। इस बार के बजट का मुख्य केंद्र बिंदु आम जनता के दैनिक जीवन को सुगम बनाना और शहरी अवसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) को सुदृढ़ करना है। बजट बैठक के दौरान प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया। इसके तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवर पंपिंग स्टेशनों का संचालन, जो अब तक जल निगम द्वारा किया जाता था। उसे अब नगर निगम खुद अपने हाथों में लेकर संचालित करेगा। इस कदम से शहर की सीवरेज व्यवस्था की निगरानी और कार्यप्रणाली में सीधा सुधार आने की उम्मीद है। तीन वर्षों में 168.38% बढ़ा नगर निगम का बजट महापौर अशोक तिवारी ने बताया - प्रस्तावित आय-व्ययक के आंकड़ों के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में अकेले नगर निगम का बजट 2,262.42 करोड़ निर्धारित किया गया है। वहीं, जलकल विभाग का कुल प्रस्तावित बजट 373.02 करोड़ आंका गया है। इन दोनों विभागों के आपसी तालमेल से काशी के कोने-कोने तक विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नगर निगम के बजट में 168.38 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में जहां निगम का बजट 843 करोड़ था, वहीं अब यह बढ़कर 2,262.42 करोड़ तक पहुंच गया है। इस वृद्धि के चलते निगम व जलकल का कुल संयुक्त बजट 2,635.44 करोड़ के ऐतिहासिक स्तर पर आ गया है। सीवर ओवरफ्लो और जलभराव के समाधान को मिले 25 करोड़ कार्यकारिणी की बैठक में जनता से सीधे जुड़े बुनियादी मुद्दों जैसे सीवर जाम, पेयजल आपूर्ति, गलियों की साफ-सफाई और खस्ताहाल सड़कों के सुधार पर बेहद विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया - सीवर ओवरफ्लो और जलभराव के स्थायी समाधान के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। इसके अंतर्गत वाराणसी की सेवा बस्तियों (मलिन बस्तियों) और काशी के भारत रत्न, पद्मविभूषण व पद्मश्री से सम्मानित विशिष्ट जनों की गलियों में सीवर लाइन व पेयजल पाइपलाइन के विस्तार और पुराने पाइपों को बदलने के लिए 25 करोड़ (2,500.00 लाख) की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। काम में लापरवाही पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त बैठक के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत किए गए सभी विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी कड़ी में कुओं के जीर्णोद्धार कार्य में घोर लापरवाही बरतने वाले एक ठेकेदार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी जमानत राशि (सिक्योरिटी मनी) को जब्त करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा, नगर आयुक्त ने परिवहन विभाग की गाड़ियों के सुचारू और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए। शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं पर खर्च का पूरा ब्योरा शहरी विकास और रखरखाव को गति देने के लिए बजट में अलग-अलग मदों में धनराशि आवंटित की गई है: • सीवर एवं मैनहोल मरम्मत: 17.60 करोड़ • पेयजल पाइपलाइन रखरखाव व मरम्मत: 14.00 करोड़ • मुख्य सीवर लाइन की सफाई: 5.00 करोड़ • गलियों का रखरखाव व मरम्मत: 8.00 करोड़ • पार्कों व उद्यानों का सौंदर्यीकरण: 5.00 करोड़ • वरुणापार क्षेत्र में भूमिगत जल निकासी सफाई: 1.00 करोड़ • फुटपाथ व पाथवे का रखरखाव: 7.00 लाख

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User