मेरठ में मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार:जेवर, 22 हजार रुपए-तमंचा बरामद, 2 घरों में की थी चोरी
मेरठ के सरूरपुर में पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश अनस उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी रासना गांव में दो घरों से जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और बाइक से भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसका पीछा किया। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसके बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से चोरी के जेवर, 22 हजार रुपए नकद, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। दो घरों में नकब लगाकर चोरी की थी पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अनस उर्फ भूरा पुत्र यामीन निवासी मिर्जापुर, थाना रोहटा के रूप में हुई है। उसने सरूरपुर थाना क्षेत्र के रासना गांव में दो अलग-अलग घरों में नकब लगाकर जेवर और नकदी चोरी की थी। दोनों घटनाओं के संबंध में सरूरपुर थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान अनस का नाम सामने आया था। वह गिरफ्तारी से बच रहा था। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह रोहटा थाने से भी 25 हजार रुपए का इनामी था। बाइक फिसलने से गिरा आरोपी पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर अनस ने टीम पर फायरिंग की और बाइक से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके बाएं हाथ में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए भेज दिया। जेवर, 22 हजार नकद और तमंचा बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवर और नकदी बरामद की है। बरामद सामान में पीली धातु के एक जोड़ी कुंडल, सफेद धातु की पांच अंगूठियां, एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी बिछुआ और सफेद धातु के दो सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा 22 हजार रुपए नकद भी मिले हैं। आरोपी के पास से चोरी की स्प्लेंडर बाइक, .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)