भैयादूज पर बांदा-जेल में भाइयों को तिलक लगाने पहुंचीं बहनें:जांच और पहचान के बाद मिला प्रवेश, बस स्टैंड पर भी रही यात्रियों की भीड़
बांदा जिला कारागार में बुधवार को भैयादूज पर भाई-बहन के रिश्ते की भावुक तस्वीर देखने को मिली। जेल में बंद भाइयों से मिलने के लिए सुबह से ही बहनों की भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज से पहुंची महिलाएं घंटों इंतजार करती रहीं। वे अपने साथ भाइयों के लिए मिठाई लेकर आई थीं। जेल में मुलाकात का सिलसिला सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुआ। जेल परिसर में प्रवेश से पहले महिलाओं की जांच की गई। मिठाई चेक करने के साथ आधार कार्ड से उनकी पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच बहनों को बारी-बारी से अंदर भेजा गया। जेल में सजा काट रहे और विचाराधीन बंदियों से मिलने के लिए शाम तक मुलाकात की व्यवस्था रही। तिलक लगाकर मिठाई खिलाई बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर भैयादूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की। वहीं, कई बहनों ने उपहार के बजाय भाइयों से जिंदगी में अच्छाई के रास्ते पर चलने और दोबारा कोई गलती न करने का वचन लिया। मुलाकात के दौरान कई भाई-बहन हुए भावुक लंबे समय बाद त्योहार पर एक-दूसरे को सामने देखकर कई भाई-बहनों की आंखें नम हो गईं। जेल से बाहर निकलने वाली बहनों के चेहरों पर मिलने की खुशी के साथ अपनों से दूर होने का दर्द भी दिखाई दिया। बस स्टैंड पर भी रही यात्रियों की भीड़ भैयादूज पर भाइयों के घर पहुंचने और बहनों के मायके जाने का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते बस स्टैंड पर सुबह से यात्रियों की भीड़ रही। बसों में जगह पाने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ा। त्योहार के कारण आवागमन बढ़ने से दिनभर बस स्टैंड पर चहल-पहल बनी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)