मिर्जापुर में 567 किलो पटाखे मिले, दो गिरफ्तार:शहर कोतवाली और राजगढ़ पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर की कार्रवाई
मिर्जापुर। दीपावली और धनतेरस से पहले जनपद पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 567 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए हैं। कोतवाली शहर और राजगढ़ थाना क्षेत्र में की गई अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद पटाखों में बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझरी और रॉकेट समेत अन्य पटाखे शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों स्थानों पर छापेमारी की।
कोतवाली शहर पुलिस ने रमईपट्टी तिराहे के पास से ओम प्रकाश गुप्ता पुत्र गुलाबचंद्र गुप्ता निवासी रमईपट्टी, थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया। उसके पास से अवैध रूप से भंडारित 229 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए गए। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई में राजगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम नदिहार से असगर अली पुत्र स्वर्गीय अब्दुल रहीम निवासी नदिहार बाजार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 338 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 567 किलो पटाखे बरामद हुए। त्योहारों के दौरान किसी संभावित हादसे को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चला रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)