मतदाता लिस्ट में नया नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान:वाराणसी के सभी 3,220 बूथों पर लगा कैंप, कई बीएलओ नदारद

Nov 28, 2026 - 12:10
0
मतदाता लिस्ट में नया नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान:वाराणसी के सभी 3,220 बूथों पर लगा कैंप, कई बीएलओ नदारद
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आज (28 नवंबर) से दो दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत जनपद के सभी 3,220 बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं। जहां बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) बैठकर आम नागरिकों की मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय स्ट्रेटफील्ड रोड, पीलीकोठी स्थित मतदान केंद्र पर भी सुबह से ही कैंप का आयोजन किया गया। लेकिन यहां बने 6 बूथों में से सिर्फ एक बीएलओ ही सुबह 11 बजे के बाद तक मौजूद दिखीं। इन तीन प्रमुख फॉर्मों के जरिए हो रहा मतदाताओं का काम कंपोजिट विद्यालय पीलीकोठी के भाग संख्या 133 की बीएलओ सीता साहनी ने कैंप के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए मुख्य रूप से तीन प्रकार के फॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं। • फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने के लिए): ऐसे युवा जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, परिवार में आई नई बहुएं या वे नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश पिछली मतदाता सूची से कट गया है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम सूची में जुड़वा सकते हैं। • फॉर्म-7 (नाम कटवाने के लिए): यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है या कोई व्यक्ति स्थायी रूप से किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसका नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा रहा है। • फॉर्म-8 (त्रुटि संशोधन के लिए): जिन मतदाताओं के पहचान पत्र (वोटर आईडी) या सूची में नाम, पता, उम्र या लिंग से संबंधित कोई गलती है, वे फॉर्म-8 भरकर उसमें आवश्यक सुधार करवा सकते हैं। 28 और 29 नवंबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक चलेगा अभियान बीएलओ सीता साहनी ने बताया कि यह विशेष अभियान आज 28 नवंबर और कल 29 नवंबर को लगातार दो दिनों तक चलाया जा रहा है। इन दोनों दिनों में सभी बीएलओ की ड्यूटी सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक लगाई गई है, ताकि कामकाजी लोग और छात्र भी अपनी सुविधानुसार केंद्र पर आकर अपना काम करवा सकें। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। 6 बूथों वाले केंद्र पर दिखी स्टाफ की कमी कंपोजिट विद्यालय स्ट्रेटफील्ड रोड, पीलीकोठी एक प्रमुख मतदान केंद्र है। जहां कुल 6 बूथ संचालित होते हैं। हालांकि, विशेष कैंप के दौरान यहां व्यवस्थाओं में कुछ कमी भी देखने को मिली। बीएलओ सीता साहनी के अनुसार, इस केंद्र पर कुल 6 बूथ होने के बावजूद 11 बजे तक भाग संख्या 133 की बीएलओ यानी वे स्वयं ही केंद्र पर उपस्थित थीं। जबकि अन्य बूथों के बीएलओ मौके पर मौजूद नहीं थे। स्थानीय प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने आवश्यक दस्तावेजों (जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र आदि) के साथ नजदीकी बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सुनिश्चित करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User