मथुरा में घर से चोरी का आरोपी गिरफ्तार:22 लाख के गहने-459 ग्राम अल्प्राजोलम बरामद
मथुरा की थाना हाईवे पुलिस ने सोमवार को घर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 22 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। इसके साथ ही उसके पास से 459 ग्राम नशीला पदार्थ अल्प्राजोलम भी मिला है। पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी और नशीले पदार्थ की बरामदगी के संबंध में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की है। थाना हाईवे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी अडूकी जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर श्याम सुंदर (26) पुत्र ओमप्रकाश निवासी शांतिनगर दामोदरपुरा, औरंगाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में पीली धातु का एक गले का हार, चार अंगूठियां, दो चेन, चार कंगन-चूड़ियां, एक पेंडल और कान की एक झुमकी शामिल है। इसके अलावा सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछुए, चांदी के दो सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की एक मूर्ति बरामद हुई है। पुलिस को एक और दो रुपये के सिक्के तथा एक आधार कार्ड भी मिला है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2023 तक मथुरा के अलग-अलग थानों में चोरी, घरों में चोरी, चोरी का माल रखने, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी के मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित कानूनी धाराएं बढ़ाई हैं। वहीं 459 ग्राम अल्प्राजोलम मिलने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)