नोएडा में हवा जहरीली,सेक्टर-62 का एक्यूआई 439:सुबह स्मॉग की मोटी चादर, ग्रेप-3 लागू फिर भी प्रदूषण से राहत नहीं, दो दिन हल्की बारिश के आसार

Nov 14, 2026 - 10:08
0
नोएडा में हवा जहरीली,सेक्टर-62 का एक्यूआई 439:सुबह स्मॉग की मोटी चादर, ग्रेप-3 लागू फिर भी प्रदूषण से राहत नहीं, दो दिन हल्की बारिश के आसार
शहर में प्रदूषण का कहर लगातार बढ़ रहा है। सुबह होते ही आसमान में स्मॉग की मोटी चादर छा रही है। ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू होने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। शनिवार सुबह नौ बजे नोएडा का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 290 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-62 में यह आंकड़ा 439 तक पहुंच गया। यहां हवा की स्थिति गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। सुबह सड़कों पर धुंध और धुएं की परत दिखाई दी। कुछ देर बाद धूप तो निकली, लेकिन प्रदूषण से लोगों को राहत नहीं मिली। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। सेक्टर-110 में एक्यूआई 321, सेक्टर-39 में 282, सेक्टर-150 में 278 और सेक्टर-1 में 237 दर्ज किया गया। आंकड़ों से साफ है कि शहर के कई इलाकों में लोग प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। दिन चढ़ने के साथ इसमें कुछ गिरावट आ सकती है, लेकिन शाम और रात के समय एक बार फिर प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहती है। हवा की रफ्तार कम, प्रदूषित कण वातावरण में जमा हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ रही है। वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल वातावरण में जमा हो रही है। पीएम-2.5 और पीएम-10 जैसे सूक्ष्म प्रदूषित कणों का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सुबह और शाम के समय इसका असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। आंखों में जलन, एलर्जी और सूखेपन के साथ सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें सामने आ रही हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। सफाई और पानी के छिड़काव के दावों के बीच हवा खराब प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सड़कों की सफाई, धूल नियंत्रण और पानी के छिड़काव जैसे उपाय किए जा रहे हैं। ग्रेप-3 के तहत भी कई तरह की पाबंदियां लागू हैं। इसके बावजूद दिवाली के बाद से शहर की हवा लगातार खराब बनी हुई है। प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव जरूर हो रहा है, लेकिन लोगों को साफ हवा नसीब नहीं हो रही है। बारिश से मिल सकती है प्रदूषण से राहत मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने पर वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषित कण नीचे बैठ सकते हैं। इससे एक्यूआई में गिरावट आने की उम्मीद है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार और मंगलवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User