पाटलिपुत्र-एक्सप्रेस की पैंट्री मैनेजर पर यात्रियों से बदसलूकी का आरोप:तेल फेंकने की धमकी और चाकू निकालने की शिकायत, 3 पर FIR
पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस की पैंट्री कार के मैनेजर और उसके कर्मचारियों पर यात्रियों से गाली-गलौज करने, मारपीट की धमकी देने और चाकू निकालने का आरोप लगा है। यात्री राजू शर्मा की शिकायत पर सुल्तानपुर जीआरपी ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जीआरपी एसओ बृजेश यादव ने रविवार रात करीब 8:30 बजे इसकी पुष्टि की। भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाने से हुआ विवाद राजू शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ 22 अक्टूबर को रुड़की से पाटलिपुत्र जा रहे थे। वे ट्रेन नंबर 22356 के कोच बी-1 में सीट नंबर 65 से 69 पर सवार थे। शिकायत के मुताबिक, 23 अक्टूबर को ट्रेन लखनऊ जंक्शन से रवाना हुई। इस दौरान पैंट्री कार मैनेजर ने यात्रियों से भोजन लेने के लिए कहा। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में मिलने वाला भोजन उन्हें ठीक नहीं लगा। आरोप है कि करीब दो घंटे तक आग्रह करने के बाद यात्रियों ने मैनेजर से स्पष्ट जवाब मांगा। दोपहर करीब 2:10 बजे ट्रेन सुल्तानपुर स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी मैनेजर नाराज हो गया। खौलता तेल फेंकने की धमकी देने का आरोप राजू शर्मा का आरोप है कि मैनेजर ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गया। उसके सामने खौलते तेल की टोपिया रखी थी और उसने तेल फेंकने की धमकी दी। इसी दौरान उसके दो सहकर्मी सेसपैन और चाकू लेकर उनकी ओर दौड़े। राजू शर्मा ने अपनी सीट पर जाकर खुद को बचाया। पाटलिपुत्र जंक्शन से सुल्तानपुर जीआरपी पहुंची शिकायत शिकायत के अनुसार, घटना के बाद राजू शर्मा ने ट्रेन में 139 नंबर और टीटीई के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचने पर उन्होंने वहां की रेल पुलिस को लिखित शिकायत दी। मामला सुल्तानपुर जीआरपी के अधिकार क्षेत्र का होने के कारण शिकायत आगे की कार्रवाई के लिए वहां भेज दी गई। जीआरपी ने पैंट्री कार मैनेजर और उसके कर्मचारियों समेत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धीरज कुमार को सौंपी गई है। एसओ बृजेश यादव ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)