फर्रुखाबाद में छठ पूजा के लिए बनाई जा रहीं बेदियां:गुब्बारों और फूलों की मालाओं से सजा गंगा घाट, 60 परिवार करेंगे पूजा
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर छठ पूजा की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। घाट को गुब्बारों और फूलों की मालाओं से सजाया गया है। रविवार को पूजा के लिए बेदी बनाई जा रही हैं। शाम को व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा करेंगी। आयोजन में 500 से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। छह जिलों से पहुंच रहे श्रद्धालु पूर्वांचल विकास समिति कई साल से पांचाल घाट पर छठ पूजा का कार्यक्रम करा रही है। इस बार भी फर्रुखाबाद के अलावा कासगंज, एटा, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज से श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंच रहे हैं। कुछ लोग बेदी बनाने में जुटे हैं, जबकि सफाई कर्मचारी घाट की सफाई कर रहे हैं। घाट पर रंग-रोगन का काम भी कराया गया है। प्रवेश द्वार को फूलों की माला और बैनर से सजाया गया है। साउंड सिस्टम पर छठ मैया के भजन बज रहे हैं। आयोजन में करीब 60 परिवारों के पूजा करने की संभावना है। CCTV कैमरों से होगी निगरानी छठ पूजा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए घाट पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गंगा किनारे बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कोई गहरे पानी में न जाए। घाट पर सावधानी बरतने के लिए होर्डिंग भी लगाए गए हैं। इन पर लिखा है- कृपया सावधान रहें, आगे गहरा जल है। यहां पानी की गहराई 10 फीट तक बताई गई है। 36 घंटे निर्जला व्रत रखती हैं महिलाएं गोरखपुर की रहने वाली मृदुला सिंह ने बताया कि छठ मैया की विशेषता है कि लोग मनोकामना पूरी होने की आस में व्रत रखते हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद भी व्रत रख रही हैं। इसमें 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखा जाता है और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत पूरा होता है। देवरिया के रहने वाले जय नारायण सिंह घाट पर बेदी बना रहे थे। उन्होंने बताया कि वह पिछले दो साल से शहर के पांचाल घाट पर छठ पर्व मना रहे हैं। छठ मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। 32 साल से आयोजन में जुड़े हैं संयोजक छठ पूजा समिति के संयोजक डॉ. शमीम अहमद ने बताया कि वह 32 साल से छठ पूजा कार्यक्रम में सहभागी हैं। घाट पर सजावट पूरी हो गई है। फर्रुखाबाद के अलावा दूसरे जिलों से भी श्रद्धालु पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं का आना दोपहर तीन बजे से शुरू हो जाएगा और देर शाम तक कार्यक्रम चलेगा। गंगा किनारे बेदी बनाने के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है, ताकि कोई गहरे पानी में न जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)