फसल मुआवजे के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप:महोबा में लेखपाल पर किसानों से दो-दो हजार रुपए मांगने का दावा

Oct 29, 2026 - 17:53
0
फसल मुआवजे के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप:महोबा में लेखपाल पर किसानों से दो-दो हजार रुपए मांगने का दावा
महोबा की कुलपहाड़ तहसील के भटेवरा खुर्द गांव में अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों के मुआवजे की फीडिंग के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भाजपा कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह ने लेखपाल विकास यादव पर प्रति किसान दो-दो हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी सामने आया है। पैसे देने वालों की फीडिंग करने का आरोप शिकायतकर्ता रविन्द्र सिंह का आरोप है कि लेखपाल मुआवजे की फीडिंग करने के बदले किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं। उनका दावा है कि जिन किसानों ने पैसे दे दिए, उनकी फीडिंग कर दी गई, जबकि अन्य किसानों को परेशान किया जा रहा है। रविन्द्र सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए ऑडियो में लेखपाल और शिकायतकर्ता के बीच बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बातचीत में लेखपाल मदद के बदले पैर पकड़ने और मामला समझने जैसी बातें कह रहे हैं। हालांकि, ऑडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। किसानों में आक्रोश शिकायतकर्ता का कहना है कि अतिवृष्टि से फसलें खराब होने के बाद किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्हें खाद और बीज की व्यवस्था करने में परेशानी हो रही है। ऐसे में मुआवजे की फीडिंग के लिए पैसे मांगने के आरोपों से किसानों में नाराजगी है। लेखपाल ने आरोपों को नकारा लेखपाल विकास यादव ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनका मूल कार्यक्षेत्र सुगिरा और पठारी है, जबकि भटेवरा गांव का अतिरिक्त प्रभार उन्हें मिला हुआ था। लेखपाल ने सफाई दी कि उनकी बातों का गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता वर्तमान ग्राम प्रधान को अपना राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानता है और इसी रंजिश के चलते उन पर झूठे आरोप लगा रहा है। फिलहाल, शिकायत और वायरल ऑडियो के आधार पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User