पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, चाचा-भतीजे की मौत:फिरोजाबाद से धान बेचने मथुरा जा रहे थे दोनों, दोनों वाहन जब्त
फिरोजाबाद में नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। सिरसागंज क्षेत्र के ऐदलपुर गांव के रहने वाले दोनों लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर मथुरा जा रहे थे। बिल्टीगढ़ पुल के पास पिकअप की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए दोनों लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा मक्खनपुर थाना क्षेत्र में बिल्टीगढ़ पुल के पास हुआ। ऐदलपुर गांव निवासी कर्मवीर उर्फ दीपू (32), पुत्र राजेंद्र प्रकाश और रवि (32), पुत्र रामसेवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर बेचने के लिए मथुरा जा रहे थे। बताया गया है कि वे पुल पार कर शिकोहाबाद से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चाचा-भतीजे की मौत से गांव में मातम हादसे में जान गंवाने वाले कर्मवीर उर्फ दीपू और रवि रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। दोनों की मौत की खबर ऐदलपुर गांव पहुंची तो शोक छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो लोगों की अचानक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लिए हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। मक्खनपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर चमन कुमार शर्मा ने बताया कि बिल्टीगढ़ पुल के पास पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)