पीलीभीत में गोकशी के आरोपी की जमीन कुर्क रहेगी:गैंगस्टर जमील की जमीन छुड़ाने की चारों अर्जियां खारिज, DM ने बरकरार रखा आदेश
पीलीभीत में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गोकशी के मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध जमील अहमद उर्फ गंठा की 27 लाख 63 हजार 900 रुपए की कृषि भूमि कुर्क रखने का आदेश दिया है। जमीन छुड़ाने के लिए दाखिल चारों अर्जियां खारिज कर दी गई हैं। तत्कालीन जिलाधिकारी पुलकित खरे की ओर से 19 मई 2022 को जारी कुर्की का आदेश भी बरकरार रखा गया है। गोकशी से कमाई कर जमीन खरीदने का आरोप यह कार्रवाई माधोटांडा थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा अपराध संख्या 318/2019 के आधार पर हुई थी। आरोप है कि जमील अपने गिरोह के सदस्यों के साथ गौवंशीय पशुओं का वध, मांस की बिक्री और अवैध परिवहन कर कमाई करता था। इसी कमाई से उसने अपने और परिजनों के नाम जमीन खरीदी थी। तीन जमीनों की कीमत 27.63 लाख रुपए कुर्क की गई जमीनों में ग्राम पिपरिया संतोष की 0.527 हेक्टेयर भूमि शामिल है, जिसकी कीमत 16 लाख 86 हजार 400 रुपए है। ग्राम रम्पुरिया वीरान की 0.130 हेक्टेयर भूमि की कीमत छह लाख 50 हजार रुपए है। वहीं, पिपरिया संतोष की तीसरी जमीन की कीमत चार लाख 27 हजार 500 रुपए बताई गई है। डेयरी और किराने के कारोबार से खरीदने का दावा जमील, उसकी पत्नी मुनिया बेगम, रसरीन बेगम, भूरी बेगम और बरेली के रहने वाले मोहम्मद रईस ने 20 अगस्त 2022 को कुर्की आदेश के खिलाफ आपत्तियां दाखिल की थीं। उन्होंने दावा किया था कि जमीन खरीदने के लिए डेयरी कारोबार, किराने की दुकान, पारिवारिक संपत्ति और पुराने मकान की बिक्री से मिले पैसों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, वे अपने दावे के समर्थन में ठोस दस्तावेज नहीं दे सके। चार साल से अधिक समय तक पैरवी के लिए नहीं पहुंचे आदेश के मुताबिक, 9 सितंबर 2022 से विचाराधीन चारों अर्जियों पर सुनवाई के दौरान अपीलकर्ता चार साल से अधिक समय तक एक बार भी पैरवी के लिए अदालत में उपस्थित नहीं हुए। बहन और दूसरे लोगों के नाम जमीन करने का जिक्र आदेश में यह भी कहा गया है कि 2019 में मुकदमा दर्ज होने के बाद जमील ने कार्रवाई से बचने और असली मालिकाना हक छिपाने के लिए जमीन अपनी बहन बेटी और अन्य लोगों के नाम कर दी थी। जिलाधिकारी ने सभी अपीलें खारिज कर आदेश की प्रति गैंगस्टर कोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)