प्रयागराज में 937 किसानों को आलू भंडारण अनुदान मिला:खातों में 44.77 लाख रुपए भेजे, आलू निकालने पर हर क्विंटल के मिलते हैं 100 रुपए
प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने वाले किसानों को हर क्विंटल पर 100 रुपए का अनुदान मिल रहा है। योजना के तहत अब तक 937 किसानों के बैंक खातों में 44 लाख 77 हजार 609.77 रुपए भेजे गए हैं। जिले में अनुदान के लिए 3,377 किसानों ने आवेदन किया है। इनमें से 756 आवेदन कोल्ड स्टोरेज स्तर पर लंबित हैं। सत्यापन और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन आवेदनों पर भुगतान किया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी मेवा राम ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज भंडारण प्रभार अनुदान योजना के तहत जिले में 15 हजार किसानों को लाभ देने का लक्ष्य है। इसके लिए शासन ने विभाग को 1 करोड़ 66 लाख रुपए का बजट दिया है। आलू की फसल तैयार होने के बाद बाजार में उचित दाम नहीं मिलने पर किसान उसे कोल्ड स्टोरेज में रखते हैं। इसके लिए उन्हें भंडारण शुल्क देना पड़ता है। बाद में बाजार में दाम बेहतर होने पर वे आलू निकालते हैं। प्रति क्विंटल 100 रुपए का अनुदान मिलने से भंडारण खर्च का कुछ हिस्सा कम होगा। 15 हजार किसानों को लाभ देने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 3,377 आवेदन आए हैं। विभाग को लंबित आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)