दीपोत्सव से पहले सजी रामनगरी 15 फोटों में देखें:राम की पैड़ी से लेकर प्रमुख चौराहों तक दिखेगी भव्य सजावट; 30 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी

Nov 06, 2026 - 16:32
0
दीपोत्सव से पहले सजी रामनगरी 15 फोटों में देखें:राम की पैड़ी से लेकर प्रमुख चौराहों तक दिखेगी भव्य सजावट; 30 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी
रामनगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए सजकर तैयार हो गई है। 7 नवंबर को होने वाले भव्य आयोजन से पहले पूरी नगरी रोशनी से जगमगा उठी है। रामपथ, धर्मपथ, जन्मभूमि पथ से लेकर प्रमुख चौराहों और मंदिरों तक आकर्षक सजावट की गई है। रंग-बिरंगी लाइटों से सजी इमारतें और जगमगाते मार्ग अयोध्या की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। ऐसा लग रहा है मानो पूरी रामनगरी दीपोत्सव के स्वागत में दुल्हन की तरह सज गई हो। दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण राम की पैड़ी होगी। यहां घाटों पर दीप सजाने का काम अंतिम चरण में है। दीपों की कतारों के साथ घाटों की साफ-सफाई और साज-सज्जा पूरी की जा रही है। सरयू तट पर होने वाली आरती और दीप प्रज्ज्वलन को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों के आसपास आकर्षक विद्युत सजावट की गई है, जिससे शाम होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से नहा उठता है। इस बार दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। राम की पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर 28 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। दीपों को निर्धारित स्थानों पर सजाने के लिए स्वयंसेवक और कर्मचारी लगातार जुटे हुए हैं। दीपों की गणना, उनकी व्यवस्था और प्रज्ज्वलन को लेकर भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली शोभायात्रा के लिए 21 झांकियां भी तैयार हैं। इनमें 14 झांकियां सूचना विभाग की होंगी, जबकि सात झांकियों के माध्यम से रामचरितमानस के सातों कांड का चित्रण किया जाएगा। देश-विदेश से आए रामलीला के कलाकार भी अपने मंचन का पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। अधिकारियों की टीमें तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। 7 नवंबर को दीपों की रोशनी, रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सरयू आरती के बीच अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की साक्षी बनेगी। इस आयोजन के जरिए रामनगरी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान देश-दुनिया तक पहुंचेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User