प्रयागराज में स्पोर्ट्स टैलेंट और परी क्लब ने मैच जीते:रुद्र गुप्ता और आयुष कुमार पाल ने शतक लगाए, परी ने एक विकेट से मुकाबला जीता
प्रयागराज में सूरी ब्रोस मल्टी क्रिकेट सीरीज में रविवार को स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी और परी क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पहले मैच में स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी ने आर्यकुलम क्रिकेट अकादमी को 156 रन से करारी शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में परी क्रिकेट क्लब ने स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी बी को एक विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। दोनों मैचों में बल्लेबाजों के शतकों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने मुकाबलों को खास बनाया।
पहले मैच में स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवर में तीन विकेट पर 272 रन बनाए। आयुष कुमार पाल ने 93 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाए, जबकि रुद्र गुप्ता ने 89 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के के साथ 113 रन की शतकीय पारी खेली।
जवाब में आर्यकुलम क्रिकेट अकादमी की टीम 28.4 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। अथर्व तिवारी ने 20 और चित्रांशु यादव ने 27 रन बनाए। स्पोर्ट्स टैलेंट की ओर से अनुज प्रताप सिंह ने 25 रन देकर पांच विकेट झटके। रुद्र गुप्ता ने तीन और अभिनव ने दो विकेट हासिल किए।
दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23.1 ओवर में 117 रन बनाए। आयुष्मान सिंह ने 18 रन का योगदान दिया। परी क्रिकेट क्लब के कप्तान सचिन यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी परी क्रिकेट क्लब की टीम आराध्या यादव की गेंदबाजी के सामने लड़खड़ा गई। आराध्या ने चार ओवर में 36 रन देकर पांच विकेट चटकाए। सोनल, जय राजधिक और भावना ने भी एक-एक विकेट लिया।
परी क्रिकेट क्लब ने एक समय 83 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में रौनक ओझा ने नाबाद 27 और आकाश कुमार ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को संभाला। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए अहम साझेदारी निभाई और टीम को 18.5 ओवर में नौ विकेट पर 118 रन तक पहुंचाकर एक विकेट से जीत दिलाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)