पति ने चाकू से पत्नी का गला रेता:गंभीर हालत में लखनऊ रेफर; भाई दूज के बाद मायके से लौटने की बात पर हुआ झगड़ा
बहराइच के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर पति ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम करीब 6 बजे लखनऊ रेफर कर दिया गया। भागने की कोशिश कर रहे पति को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भाई दूज के बाद घर जाने को लेकर हुआ था विवाद नानपारा के रजवापुर इमलिया गांव का मुंशीलाल अपनी पत्नी गुड़िया (26) के साथ इलाके के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। दीपावली पर दोनों नवाबगंज के धनकुट्टी गांव स्थित गुड़िया के मायके आए थे। दीपावली के बाद मुंशीलाल ने गुड़िया से घर चलने को कहा। गुड़िया ने भाई दूज की पूजा और परंपरा निभाने के बाद जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बाद में मुंशीलाल मान गया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ। प्रसाद लेने निकली महिला पर पीछे से किया हमला गुड़िया के पिता रामनरेश ने बताया- बुधवार दोपहर गांव के एक घर में सत्यनारायण कथा थी। परिवार के लोग कथा में शामिल होने गए थे। कथा समाप्त होने के बाद गुड़िया प्रसाद लेने घर से निकली। रामनरेश के मुताबिक, घर से करीब 50 मीटर दूर पीछे से पहुंचे मुंशीलाल ने गुड़िया के बाल पकड़ लिए और उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। उसकी चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुड़िया को घायल हालत में देखा और भाग रहे मुंशीलाल को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गंभीर हालत में लखनऊ रेफर थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि घायल महिला को सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम करीब 6 बजे लखनऊ रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)