रामपुर में 2 दिसंबर को ‘खूब लड़ी मर्दानी’ का मंचन:राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा के तहत पनवड़िया के सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में होगा नाटक
रामपुर में रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति की कहानी अब नाट्य मंचन के जरिए लोगों तक पहुंचेगी। भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर शुरू की गई ‘राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा’ के तहत 2 दिसंबर को पनवड़िया स्थित सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में ‘खूब लड़ी मर्दानी’ नाटक का मंचन किया जाएगा। संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और वीरांगनाओं के बलिदान को मंच पर जीवंत किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने शनिवार शाम 4 बजे विकास भवन स्थित कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां सौंपीं। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मंच, लाइट और पार्किंग की व्यवस्था के निर्देश सीडीओ ने सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में मंच, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश, ध्वनि, एलईडी स्क्रीन, दर्शकों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता और पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल हो सकें। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इससे युवा पीढ़ी को रानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देशभक्ति की भावना से परिचित कराया जा सकेगा। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित बैठक में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के चयनित परिजनों को सम्मानित करने की व्यवस्था करने को कहा गया। सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और प्रवेश-निकास की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल गंगवार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दुर्गेश्वरी त्रिपाठी, जिला पर्यटन अधिकारी मनीष राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)