डीएम ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बूथों का निरीक्षण किया:देवरिया के 2,770 केंद्रों पर चला अभियान, नए नाम जोड़ने और सूची में सुधार के लिए आवेदन मिले

Nov 28, 2026 - 16:35
0
डीएम ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बूथों का निरीक्षण किया:देवरिया के 2,770 केंद्रों पर चला अभियान, नए नाम जोड़ने और सूची में सुधार के लिए आवेदन मिले
देवरिया में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के 2,770 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहे। मतदाताओं ने नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और सूची में दर्ज जानकारी में सुधार के लिए आवेदन दिए। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अभियान की प्रगति जानने के लिए अलग-अलग बूथों पर पहुंचे और बीएलओ से जानकारी ली। उन्होंने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, देवरिया के मतदेय स्थल संख्या 246 से 252 और प्राथमिक विद्यालय सोनूघाट के मतदेय स्थल संख्या 37 और 38 का निरीक्षण किया। डीएम ने बीएलओ से मिले दावे-आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और सूची में सुधार के लिए आए आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रपत्रों की तय प्रक्रिया के अनुसार जांच कर समय पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ से जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। शहर के संत विनोबा पीजी कॉलेज में बीएलओ जमीन पर बैठकर आवेदन और मतदाता सूची से जुड़े काम करते दिखे। शहर के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी अभियान चला। लोगों ने बूथों पर पहुंचकर अपने नाम और जानकारी के बारे में पूछा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User