6 साल की बच्ची ने कोल्डड्रिंक समझ पिया तेजाब:हादसे का सीसीटीवी आया सामने, एसएन इमरजेंसी में भर्ती
कोल्ड ड्रिंक की बोतल में रखा तेजाब छह साल की बच्ची के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। फिरोजाबाद में घर के पास दोस्तों के साथ खेल रही बच्ची ने बोतल में रखा तेजाब कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया। इससे उसका मुंह बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां रविवार देर रात करीब 2:30 बजे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। बच्ची का नाम सोना राठौर है। उसके पिता योगेश राठौर ने इस मामले में धोबी घाट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। खेलते-खेलते धोबी घाट पहुंच गए बच्चे बच्ची के पिता योगेश राठौर के मुताबिक, रविवार शाम सोना अपने दोस्तों के साथ घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते सभी बच्चे पास में बने एक धोबी घाट की तरफ चले गए। वहां कोल्ड ड्रिंक की बोतल में कुछ तरल पदार्थ रखा हुआ था। बच्चों ने उसे कोल्ड ड्रिंक समझ लिया और आपस में कहा कि सोना पहले इसे पिएगी। जैसे ही सोना ने बोतल से तरल पदार्थ पिया, उसके मुंह में तेज जलन होने लगी और मुंह झुलस गया। परिजन तत्काल उसे लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। कपड़े धोने में इस्तेमाल होता है तेजाब पिता का आरोप है कि उनके घर के पास खाली प्लॉट में कुछ लोगों ने अवैध रूप से धोबी घाट बना रखा है। यहां कपड़े साफ करने के लिए तेजाब का इस्तेमाल किया जाता है। घटना वाले दिन भी धोबी घाट पर कपड़े धोने के बाद संचालक प्रदीप गोहड़ी वाला तेजाब से भरी बोतल वहीं छोड़कर चला गया था। इसी बोतल को बच्ची ने कोल्ड ड्रिंक समझ लिया और पी लिया। पिता ने पुलिस को दी तहरीर, कार्रवाई का इंतजार योगेश राठौर का कहना है कि घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। थाना दक्षिण, जिला फिरोजाबाद में तहरीर भी दी गई है, लेकिन उनका आरोप है कि कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। पिता ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तेजाब रखने और बेचने के लिए हैं सख्त नियम भारत में तेजाब की बिक्री और रखरखाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट के सख्त दिशा-निर्देश हैं। मॉडल पॉइजन रूल्स-2013 के तहत तेजाब बेचने वाले को खरीदार का पहचान पत्र लेना, खरीद का कारण दर्ज करना और बिक्री का रिकॉर्ड रखना जरूरी है। तेजाब को खुले में या बिना सुरक्षा के नहीं रखा जा सकता। इसे सुरक्षित स्थान पर स्पष्ट लेबल वाले मजबूत कंटेनर में रखना जरूरी है, ताकि किसी के संपर्क में आने या दुर्घटना का खतरा न रहे। नाबालिगों को तेजाब बेचने पर रोक है। नियमों के उल्लंघन पर 50 हजार रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। ऐसे में कोल्ड ड्रिंक की बोतल में तेजाब रखकर छोड़ना गंभीर लापरवाही का मामला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)