रायबरेली में गंदगी के बीच नकली पनीर बनाते पकड़ा:स्किम्ड मिल्क पाउडर, पामोलिन और केमिकल से बना रहे थे पनीर; 1,300 लीटर दूध नष्ट कराया
रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के अधौरा गांव में अस्वच्छ तरीके से पनीर बनाने का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 23 नवंबर को शाम करीब 7 बजे निर्माण इकाई पर छापा मारा। मौके पर सड़ांध और दुर्गंध के बीच पनीर बनाने का काम चल रहा था। टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 1,300 लीटर दूध बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पाउडर, पामोलिन और केमिकल से तैयार कर रहे थे पनीर अधिकारियों के मुताबिक, पनीर बनाने में स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP), रिफाइंड पामोलिन ऑयल, रानीपाल (ऑप्टिकल व्हाइटनिंग एजेंट), सिट्रिक एसिड और कास्टिक सोडा का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर तीन स्टील कंटेनर और दो प्लास्टिक ड्रम में करीब 1,300 लीटर उबला दूध मिला। अधिकारियों के अनुसार, यह दूध स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और रानीपाल से तैयार किया गया था। टीम ने दूध का नमूना लेकर बाकी दूध नष्ट करा दिया। पांच कर्मचारी मिले, मालिक को बुलाया मौके पर छापेमारी के दौरान रंजीत पुत्र सुंदरलाल पनीर बनाने का काम करते मिले। वह उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव के निवासी हैं। उनके साथ अरुण पुत्र रामू, अर्जुन पुत्र राजेश, रोहन कुमार पुत्र सुंदरलाल और सत्यम पुत्र बिन्दादीन भी काम कर रहे थे। पूछताछ में इकाई के मालिक धीरेंद्र कुमार उर्फ कल्लू पुत्र मेड़ी लाल का नाम सामने आया। वह अधौरा गांव के निवासी हैं। अधिकारियों ने फोन कर उन्हें मौके पर बुलाया। लखनऊ मंडल की टीम ने की कार्रवाई जांच सहायक आयुक्त (खाद्य), लखनऊ मंडल के नेतृत्व में की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश कुमार सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपुल वर्मा शामिल रहे। निर्माण स्थल पर गंदगी और दुर्गंध मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई की और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)