5 रुपये की खैनी पड़ी 18 लाख की! बहरीन में 18 दिन हिरासत में रहा भारतीय युवक

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी सौरभ राय को बहरीन हवाई अड्डे पर 5 रुपये की खैनी और चूना मिलने के बाद 18 दिनों तक हिरासत में रहना पड़ा। रिहाई के लिए परिवार ने करीब 18 लाख रुपये जुर्माना और कानूनी खर्च चुकाए।

Nov 24, 2026 - 14:06
0
5 रुपये की खैनी पड़ी 18 लाख की! बहरीन में 18 दिन हिरासत में रहा भारतीय युवक

दि राइजिंग न्यूज़ | आजमगढ़ | 24 नवंबर 2026

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले एक युवक को महज 5 रुपये की खैनी अपने साथ विदेश ले जाना भारी पड़ गया। बहरीन के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसके सामान से खैनी और चूना बरामद किया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में युवक को 18 दिनों तक हिरासत में रहना पड़ा और रिहाई के लिए करीब 18 लाख रुपये जुर्माना और कानूनी खर्च के रूप में चुकाने पड़े।

आजमगढ़ के अहरौला निवासी सौरभ राय 29 अक्टूबर 2026 को ड्राइविंग के सिलसिले में बहरीन पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर जांच के दौरान उनके बैग से एक डिब्बे में खैनी और चूना मिला। इसके बाद अधिकारियों ने उनका मोबाइल और बैग जब्त कर लिया और उन्हें बहरीन पुलिस तथा अपराध जांच विभाग के हवाले कर दिया। सौरभ के मुताबिक, हिरासत के दौरान उन्हें 16 डिग्री तापमान वाले ठंडे कमरे में रखा गया, जहां ओढ़ने के लिए केवल एक पतली चादर दी गई थी। इस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ने लगी।

सौरभ की रिहाई के लिए परिवार ने वकील की मदद ली। कानूनी खर्च और जुर्माने के तौर पर परिवार को 7,200 बहरीनी दिनार यानी करीब 17.80 से 18 लाख रुपये चुकाने पड़े। इसके बाद 18 नवंबर को सौरभ को रिहा कर दिया गया। बहरीन से निकलने के बाद वह सऊदी अरब पहुंचे और फिर चेन्नई तथा दिल्ली होते हुए अपने घर लौटे।

सौरभ के बड़े भाई ऋषभ राय के मुताबिक, 29 अक्टूबर को बहरीन पहुंचने के बाद उनके भाई से संपर्क टूट गया था। काफी प्रयासों के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर 12 नवंबर को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर विदेश मंत्रालय के माध्यम से मदद मांगी गई थी। बाद में बहरीन में परिचितों की सहायता से वकील की व्यवस्था की गई। फिलहाल भारत लौटने के बाद सौरभ टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User