काशी के 84-घाटों की कहानियां अब 15-भाषाओं में सुन सकेंगे:पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आज करेंगे शुरुआत, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश और जापानी भाषा में भी प्रसारण
धर्म और संस्कृति की नगरी काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने एक बड़ी पहल की है। विभाग ने वाराणसी के सभी 84 घाटों को एक डिजिटल सूत्र में पिरोते हुए 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' की शुरुआत की है। इस जीपीएस (GPS) आधारित आधुनिक सुविधा के जरिए अब पर्यटक बिना किसी गाइड के भी अपनी सुविधानुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे और उनसे जुड़े सदियों पुराने इतिहास, आस्था व मान्यताओं की प्रामाणिक जानकारी अपनी पसंदीदा भाषा में सुन और पढ़ सकेंगे। यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। जिसका उदघाटन देव दीपावली पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह नमो घाट से करेंगे। फिलहाल इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पैदल भ्रमण और नौका विहार दोनों के लिए अलग-अलग अध्याय
काशी के घाट केवल गंगा किनारे बनी सीढ़ियां और भवन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के जीवंत साक्षी हैं। इस ऑडियो टूर में सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक घाट का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व विस्तार से बताया गया है। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें दो विकल्प दिए गए हैं। जो पर्यटक घाटों पर पैदल घूमना चाहते हैं, वे 'पैदल भ्रमण' का विकल्प चुनकर जानकारी ले सकते हैं, जबकि नाव से गंगा की सैर करने वाले सैलानी 'नाव यात्रा' मोड के जरिए गंगा किनारे बसे घाटों की गाथाओं से रूबरू हो सकेंगे। जीपीएस लोकेशन ट्रैक करेगा ऐप, बिना इंटरनेट के भी चलेगा
इस डिजिटल ऑडियो टूर की सबसे बड़ी खासियत इसका जीपीएस आधारित स्मार्ट सिस्टम है। जैसे ही पर्यटक किसी घाट पर पहुंचेंगे, मोबाइल ऐप उनकी लोकेशन को स्वतः पहचान लेगा और संबंधित घाट का ऑडियो शुरू कर देगा। यदि पर्यटक निर्धारित स्थान से दूर जाते हैं, तो ऑडियो अपने आप रुक जाएगा और वापस लौटने पर वहीं से फिर शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, पर्यटक चाहें तो मैन्युअल रूप से भी ऐप पर अपनी पसंद का घाट चुनकर उसकी जानकारी सुन सकते हैं। हिंदी-अंग्रेजी समेत 15 देशी-विदेशी भाषाओं में उपलब्ध
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पर्यटकों की विविधता को देखते हुए इस ऑडियो टूर को कुल 15 भाषाओं में तैयार किया गया है। इनमें हिंदी और अंग्रेजी के अलावा मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम और उर्दू जैसी भारतीय भाषाएं शामिल हैं। वहीं, विदेशी पर्यटकों के लिए फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाओं में भी यह सुविधा दी गई है। पैदल भ्रमण और नाव यात्रा, दोनों ही विकल्प इन सभी 15 भाषाओं में उपलब्ध हैं। यात्रा शुरू करने से पहले पर्यटक पूरे ऑडियो टूर को डाउनलोड भी कर सकते हैं, जिससे घाटों पर घूमते समय लगातार इंटरनेट कनेक्टिविटी की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे भी कर सकेंगे काशी के घाटों की वर्चुअल सैर
इस पहल की एक अन्य विशेषता यह है कि इसका उपयोग वाराणसी से बाहर बैठकर भी किया जा सकता है। यानी देश-दुनिया के किसी भी कोने में मौजूद लोग 'इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर' विकल्प के माध्यम से काशी के घाटों की कहानियां सुनकर उसकी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकते हैं। बिना लॉगिन किए ऐसे उठाएं सुविधा का लाभ
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए पर्यटकों को अपने एंड्रॉयड या आईओएस (iOS) स्मार्टफोन पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक ऐप खोलकर 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' विकल्प का चयन करना होगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा और भ्रमण का तरीका (पैदल या नाव) चुनना होगा। घाटों पर मौजूद रहने पर 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' पर क्लिक कर जीपीएस अनुभव लिया जा सकता है। यह पूरी सुविधा यूपी टूरिज्म की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है और इसके लिए किसी प्रकार का अकाउंट बनाने या लॉगिन करने की अनिवार्यता नहीं रखी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)