रेलवे लाइन के पास बेसुध मिले युवक की मौत:सीतापुर में शरीर पर चोट के निशान पर अनहोनी की आशंका

Nov 11, 2026 - 12:26
0
रेलवे लाइन के पास बेसुध मिले युवक की मौत:सीतापुर में शरीर पर चोट के निशान पर अनहोनी की आशंका
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बेसुध अवस्था में मिला। परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने की बात कहकर अनहोनी की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में बेसुध मिला था और प्रथम दृष्टया उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी संतोष कुमार (30) पुत्र धनीराम मंगलवार शाम मूसेपुर गांव गया था। परिजनों के मुताबिक, देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह गांव के बाहर रेलवे लाइन के पास बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान देर रात युवक शराब के नशे में बेसुध मिला था। उस समय पुलिस ने उसके भाई शिवकुमार से बातचीत कर उसे घर ले जाने की बात कही थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User