रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिला:पिता ने हत्या की आशंका जताई, निष्पक्ष जांच की मांग की

Nov 14, 2026 - 15:18
0
रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिला:पिता ने हत्या की आशंका जताई, निष्पक्ष जांच की मांग की
उन्नाव के कोतवाली सदर इलाके में रेलवे ट्रैक के पास 29 साल के अंकित सोनी का शव मिला। शुक्रवार देर रात रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने परिवार को इसकी सूचना दी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता शिव प्रसाद ने हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। अंकित मूल रूप से फतेहपुर जिले के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ उन्नाव के हनुमान नगर, केवटा तालाब में किराए के मकान में रहते थे। शिव प्रसाद के मुताबिक, अंकित शुक्रवार शाम घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। देर रात जीआरपी ने बताया कि उनका शव रामपुरी के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक मिला है। पिता ने बताया कि शव बड़े चौराहे वाले पुल के पास रेलवे लाइन के किनारे मिला था। पिता ने कहा कि अंकित घर से सामान्य तरीके से निकले थे। उस समय परिवार में कोई विवाद या कहासुनी नहीं हुई थी। पत्नी से भी उनका झगड़ा नहीं हुआ था। घर से निकलते समय वह अकेले थे। शिव प्रसाद ने कहा कि शव मिलने की परिस्थिति से उन्हें सामान्य रेल हादसे के बजाय हत्या का संदेह है। उन्होंने पुलिस से जांच कर यह पता लगाने की मांग की कि अंकित की मौत रेलवे हादसे में हुई या उनकी हत्या की गई। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद साफ होगी। पुलिस पिता की ओर से जताई गई हत्या की आशंका की भी जांच करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User