गोरखपुर में आज 101 जोड़ों की होगी शादी:ढोल नगाड़े की थाप पर झूमेंगे दूल्हा-दुल्हन; सुधा मोदी ने उठाया जिम्मा
एक जरूरतमंद बेटी की शादी में मदद करने से शुरू हुई पहल अब बड़े आयोजन में बदल गई है। नई दिशा फाउंडेशन की संस्थापक सुधा मोदी 29 नवंबर को 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराएंगी। गोरखपुर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज मैदान में सुबह 10 बजे से विवाह समारोह शुरू होगा। सभी जोड़ों की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से कराई जाएगी। इस आयोजन की धार्मिक रस्में 27 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हरष गाड़ने की रस्म निभाई गई। 28 नवंबर को हल्दी-मेहंदी की रस्में हुईं। हल्दी-मेहंदी के बाद गाजे-बाजे के साथ पहुंचेगी बारात 29 नवंबर को दूल्हों की टोली गाजे-बाजे के साथ विवाह स्थल पहुंचेगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और परंपराओं के अनुसार सभी जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। सुधा मोदी खुद बेटियों का कन्यादान करेंगी। शादी के बाद नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन शुरू करने के लिए घरेलू उपयोग की जरूरी सामग्री और उपहार दिए जाएंगे। संस्था का प्रयास है कि बेटियों की विदाई सम्मान और खुशी के साथ हो। काम करने वाली महिला की बेटी की शादी से मिली प्रेरणा सुधा मोदी ने बताया कि करीब 10 साल पहले उनके यहां काम करने वाली गोरखनाथ निवासी शशि की शादी तय हुई थी। शशि ने शादी में मदद मांगी तो उन्होंने मैरिज हॉल बुक कराया और धूमधाम से उसका विवाह कराया। शादी के बाद शशि के चेहरे की खुशी देखकर उन्हें काफी संतुष्टि मिली। उसी दिन उन्होंने तय किया कि आगे भी जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में मदद करेंगी। इसके बाद हर साल कुछ बेटियों की शादी कराने का सिलसिला शुरू हुआ, जो अब 101 जोड़ों के सामूहिक विवाह तक पहुंच गया है। पैसों की कमी से नहीं रुकेगी किसी बेटी की शादी सुधा मोदी ने कहा कि कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की शादी की जिम्मेदारी पूरी नहीं कर पाते। संस्था का उद्देश्य ऐसे परिवारों की मदद करना है, ताकि पैसों की कमी किसी बेटी की शादी में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ विवाह कराने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। सुधा मोदी ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, समाजसेवियों और आम लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन संभव हो पा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)