रोडवेज बस ने बाइक-सवार दोस्तों को कुचला, एक की मौत:मुजफ्फनगर में ई-रिक्शा को ओवरटेक करने में हादसा, दूसरा घायल
मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय मोनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय दोस्त निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। सांझक गांव के पास बड़ौत डिपो की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों दोस्त बाइक से जा रहे थे शहर सांझक गांव निवासी मोनीश पुत्र मुर्तजा अपने दोस्त निखिल पुत्र नरेश के साथ बाइक से किसी काम से शहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मोनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। चचेरे भाई ने बस चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप मोनीश के चचेरे भाई नोमान ने बताया कि दोनों दोस्त बाइक से शहर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। उसने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। हादसे में मोनीश की मौत हो गई, जबकि निखिल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शी बोला- ओवरटेक करने के बाद बाइक में मारी टक्कर हादसे के प्रत्यक्षदर्शी ई-रिक्शा चालक मिंटू ने बताया कि वह ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस उसे ओवरटेक करके आगे निकल गई। कुछ दूरी पर बस ने आगे चल रही बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। मिंटू के मुताबिक, दोनों युवक आपस में दोस्त थे और कोट-पैंट सिलने का काम करते थे। बस छोड़कर चालक और परिचालक फरार हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल निखिल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया। वहीं, मोनीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)