दीपावली के बाद शुरू हुई मोनिया व्रत की परंपरा:ललितपुर में मौन रहकर नंगे पैर 12 गांवों की परिक्रमा पर निकले साधक
ललितपुर में दीपावली के बाद मोनिया व्रत की सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाती है। सोमवार सुबह 6 बजे गांवों से मोनिया मौन व्रत धारण कर 12 गांवों की परिक्रमा पर निकले। वे श्रीकृष्ण के भक्त हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को मोनिया भी कहा जाता है। कहा जाता है कि जब वे गाय चराने वन में जाते थे, तो दिनभर मौन रहते थे। भक्त उनकी भक्ति और गौ-सेवा की परंपरा से प्रेरित होकर यह व्रत रखते हैं। मान्यता के अनुसार, सच्चे मन से 13 साल तक व्रत करने पर मोक्ष मिलता है। 14वें साल में साधक चित्रकूट या वृंदावन जाकर अनुष्ठान पूरा करता है। मोर पंखों को भी पवित्र स्नान कराते दीपावली की अमावस्या पर मोनिया नदी या सरोवर में स्नान करते हैं और मोर पंखों को भी पवित्र स्नान कराते हैं। इसके बाद नए कपड़े पहनकर गौ-पूजन करते हैं और मौन व्रत शुरू करते हैं। वे पूरे दिन बिना खाए-पिए, नंगे पैर मौन रहकर गाय चराते और गांव-गांव घूमते हैं। इस दौरान वे न बोलते हैं और न जूते-चप्पल पहनते हैं। शाम को गोधूलि बेला में गांव लौटकर गौ-पूजन के बाद व्रत तोड़ते हैं। कुछ जगहों पर यह साधना 36 घंटे तक चलती है। इस दौरान साधक सात्विक रहते हैं और मांस-मदिरा से दूर रहते हैं। परंपरा के अनुसार, मोनिया अपने गांव से निकलकर आसपास के 12 गांवों की परिक्रमा करते हैं। गांव से निकलने से पहले वे मंदिरों में पूजा करते हैं। गांव की महिलाएं दिवारी और ढोल-बाजे के साथ उन्हें विदा करती हैं। रास्ते में दूसरे गांवों के मोनिया मिलने पर लाई, खील, नारियल, मिठाई और बताशे के रूप में प्रसाद का आदान-प्रदान होता है। नियम टूटने पर मोर पंख से पिटाई की परंपरा मोनिया व्रत के नियम बेहद कठोर हैं। अनुष्ठान का पुण्य व्यर्थ हो जाता यदि कोई साधक भूलवश भी मौन तोड़ देता है, तो अन्य मोनिया उसे मोर पंखों से पीटकर प्रायश्चित कराते हैं। माना जाता है कि नियम टूटने पर अनुष्ठान का पुण्य व्यर्थ हो जाता है। पहले साल 5 मोर पंख, फिर हर साल 5-5 बढ़ाते हुए 12 साल में 60 मोर पंख तक की परंपरा भी कई जगह निभाई जाती है। मोनिया व्रत को लेकर गांवों में खास उत्साह ललितपुर में भी इस बार मोनिया व्रत को लेकर गांवों में खास उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों का कहना है कि यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आने वाली पीढ़ी को भी संभाल कर रखना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)